पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नामी कंपनियों के नाम पर टायर ट्यूब बनाने का भंडाफोड़

नामी कंपनियों के नाम पर टायर ट्यूब बनाने का भंडाफोड़

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - रोहतक
नामी टायर व ट्यूब कंपनियों के नाम पर शहर में नकली ट्यूब बनाकर मार्केट में बेचने के खेल का भंडाफोड़ हुआ है। मंगलवार को पुलिस व चंडीगढ़ से पहुंची टीम ने 3 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर लाखों रुपए की नकली ट्यूब बरामद की। पुलिस ने कॉपी राइट एक्ट और धोखाधड़ी के तहत तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर एक टायर शोरूम संचालक को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य की तलाश आरंभ कर दी है।
मशहूर सीएट टायर व ट्यूब कंपनी द्वारा अधिकृत स्पीड नेटवर्क कंपनी चंडीगढ़ के विधि निदेशक रमेश दत्त को सूचना मिली कि प्रदेश में उनकी कंपनी की ओर से फर्जी तरीके से नकली ट्यूब बनाकर बेची जा रही हैं। इन ट्यूबों के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। कंपनी की ओर से करीब 15 दिन पहले आंतरिक रूप से जांच की गई।



मिस्त्री की दुकान से शुरुआत : टीम ने सबसे पहले भिवानी चुंगी स्थित एक मिस्त्री की दुकान पर छापेमारी की। संचालक राजबीर से पूछताछ के बाद टीम के सदस्य सीधे पुराने बस स्टैंड स्थित हरियाणा टायर्स पर पहुंचे और वहां जाकर उन्हें नकली ट्यूब बनाने का पूरा सामान व भारी मात्रा में उनकी कंपनी के नाम से नकली ट्यूब बरामद हुई। संचालक तरुण कुमार और मदन लाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही टीम ने चंद कदमों की दूरी पर स्थित चितकारा टायर्स पर भी छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां से काफी संख्या में कंपनी की मुहरें, पैकिंग और अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने मौके से ही चितकारा टायर के संचालक अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

नकली ट्यूब खरीद लगा देते कंपनी की मुहर

कंपनी के विधि अधिकारी रमेश दत्त ने बताया कि मौके से दोनों स्थानों पर काफी सुराग मिले हैं, जो साबित करते हैं कि संचालक उनकी कंपनी के नाम से मुहर लगाकर नकली ट्यूब सप्लाई की जाती। चितकारा और हरियाणा टायर्स के संचालक थोक विक्रेता हैं। इनमें नकली ट्यूब खरीद कर उन पर बाकायदा कंपनी की मुहर लगाई जाती और राजस्थान तक सप्लाई कर दी जाती है। मौके से 5 हजार से ज्यादा नकली ट्यूब, मुहर और अन्य सामान बरामद किया गया है, जो पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। इन दुकानों से केवल एक ही नहीं बल्कि अन्य कंपनियों की भी नकली ट्यूब बरामद हुई हैं। थाना शिवाजी कालोनी और शहर थाना में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।