सुनारिया चौक पर मिला ऑटो चालक का शव
रोहतक - सुनारिया बाईपास पर एक ऑटो चालक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतक शराब छोडऩे की दवा ले रहा था, लिहाजा पुलिस युवक की मौत दवा के रिएक्शन से होने की संभावना जता रही है। माता दरवाजा निवासी 32 वर्षीय राजपाल ऑटो चलाकर परिवार की गुजर बसर करता था। सोमवार रात को वह ऑटो लेकर घर से निकला था और मंगलवार सुबह नौ बजे उसका शव संदिग्ध अवस्था में सुनारिया बाइपास पर ऑटो के साथ पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। राजपाल भिवानी का रहने वाला था। ३ साल पहले रोहतक आकर पत्नी व तीन बच्चों के साथ माता दरवाजे पर किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों के अनुसार राजपाल को शराब की लत लगी हुई थी। परेशानी के चलते वह शराब छोडऩे की दवाई खाने लग गया था।