- Hindi News
- जाम सीवर लाइन नहीं हुई ठीक गड्ढे में गिरकर बच्चा घायल
जाम सीवर लाइन नहीं हुई ठीक गड्ढे में गिरकर बच्चा घायल
भास्कर न्यूज - रोहतक
लोगों को अब सीवर ओवरफ्लो होने की शिकायत करना भी महंगा पड़ रहा है। शिकायत पर आने वाले कर्मचारी समस्या का समाधान तो नहीं कर पा रहे, लेकिन हादसों को न्यौता देने के लिए गड्ढों को खुला जरूर छोड़ रहे हैं। कृष्णा कालोनी स्थित गढ़ी मोहल्ला में सीवर लाइन ठीक करने के लिए डेढ़ माह पहले गड्ढा खोदा गया।
सीवर जाम की समस्या का समाधान तो नहीं हो सका, जबकि कर्मचारियों ने पेयजल पाइप लाइन भी तोड़ दी। कभी बूढ़े तो कभी बच्चे गड्ढे में गिरकर घायल हो रहे हैं, जबकि पाइप लाइन टूटने से लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं।
दो बच्चे घायल हुए तो भड़के लोग
मंगलवार को गुड्डू और बुधवार को विजय का बेटा रोहित गड्ढे में गिरकर घायल हुआ लोग भड़क गए। गढ़ी मोहल्ला निवासी पप्पू सैनी का कहना है कि पांच गुणा पांच फुट गहरा गड्ढा कालोनी के बीचों बीच खोदा गया था। कर्मचारी डेढ़ महीने बाद भी गड्ढा भरने नहीं आए। आजाद सिंह का कहना है कि कई बाई स्थानीय अधिकारी और दो बार चंडीगढ़ के हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। विजय, सोमनाथ, अशोक, कुलदीप, रोशनी, नीलम, ज्ञानो देवी, लता, सुनीता और ऊषा आहूजा का कहना है कि अगर जल्द गड्ढा नहीं भरा गया तो डीसी आवास के बाहर धरना
प्रदर्शन करेंगे।