- Hindi News
- पुराने सिटी थाना की जगह पर मॉल बनाने को लेकर विपक्ष ने जताया रोष
पुराने सिटी थाना की जगह पर मॉल बनाने को लेकर विपक्ष ने जताया रोष
भास्कर न्यूज - रोहतक
जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन एवं पूर्व जिलाध्यक्ष इनेलो नेता धर्मपाल मकड़ौली ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सरकारी जमीनों को कौडिय़ों के दाम बेच रही है। भिवानी स्टैंड स्थित पुराना सिटी थाना के करीब 2600 वर्ग गज जगह की नीलामी सरकार ने 31 जनवरी को निर्धारित की है। धर्मपाल सुभाष रोड स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे पहले इस स्थान पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की प्रशासन की योजना थी, लेकिन अचानक सरकार इस स्थान की नीलामी करके इस पर शॉपिंग मॉल बनाने जा रही है।
इस कॉम्पलेक्स के बनने से तो एशिया की सबसे बड़ी कपड़ा शोरी मार्किट, मालगोदाम रोड, भिवानी स्टैण्ड, प्रताप चौक, किला रोड के व्यापारियों को भारी कठिनाई होगी, क्योंकि आसपास कोई भी पार्किग स्थल नहीं है। मौके पर जितेन्द्र बल्हारा, बलराम मकड़ौली, धीरेंद्र खटकड़, ओमप्रकाश अजायब, संजय बल्हारा, मनोज बालंद, अरविंद गोस्वामी, राजा बलंभा, सतीश फरमाणा और नरेश बड़ाभैण मौजूद रहे।
भाजपा आज देगी हुडा प्रशासन को ज्ञापन - भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि भिवानी स्टैंड पर दो साल पूर्व पार्किंग और कम्युनिटी सेंटर बनवाने के लिए किया गया वादा सरकार ने पूरा नहीं किया गया है। अब यहां पर मॉल बनाकर इसकी दुकानों की नीलामी की जा रही है। इसका विरोध करते हुए भाजपा शुक्रवार को हुडा प्रशासन को जिमखाना क्लब में दुकानों की नीलामी के विरोध में ज्ञापन देगी।