- Hindi News
- शहर को 18 साल के इंतजार के बाद मिलेगा इंडोर स्टेडियम
शहर को 18 साल के इंतजार के बाद मिलेगा इंडोर स्टेडियम
भास्कर न्यूज - बल्लभगढ़
करीब 18 साल के इंतजार के बाद उम्मीद है कि जून 2014 में शहर को पहला इंडोर स्टेडियम मिल जाए। इसके निर्माण के लिए हुडा तेजी से काम कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार फरवरी अंत तक छत डालने का काम पूरा हो जाएगा। जबकि जून 2014 के अंत तक शहर को पहला इंडोर स्टेडियम मिल जाएगा। लगभग 18 साल पहले इंडोर स्टेडियम को बनाने का काम शुरू हुआ था। लेकिन कई अड़चनों के चलते इसका निर्माण कार्य रुका रहा। अब 17.04 करोड़ रुपए की लागत से इसे बनाया जा रहा है। स्टेडियम में लगभग 1200 लोगों के बैठने की क्षमता होगी।
सेक्टर-१२ में बनेगा: सेक्टर-12 खेल परिसर में लगभग 18 साल पहले इंडोर स्टेडियम को बनाने का काम शुरू हुआ था। लेकिन कई कारणों के चलते उस समय स्टेडियम का काम बीच में ही रोक दिया गया था। तब से अब तक इस प्रोजेक्ट पर कभी बजट को लेकर तो कभी डिजाइन को लेकर अड़चन आती रही। जिससे स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया। कुछ दिन पहले स्टेडियम की डिजाइन और एस्टीमेट के फाइनल होने के बाद स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू है। शहर के पहले इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए हुडा ने अब तेजी से काम शुरू कर रखा है। स्टेडियम में फिलहाल फाउंडेशन लेवल का सारा काम पूरा कर पिलर खड़े करने का काम चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार फरवरी अंत तक स्टेडियम में छत डालने का काम पूरा हो जाएगा। जबकि जून 2014 के अंत तक स्टेडियम का पूरा काम फिनिश कर लिया जाएगा।
करीब 17.04 करोड़ खर्च होंगे
हुडा अधिकारियों के अनुसार इस प्रोजेक्ट पर करीब 17.04 करोड़ रुपए की लागत आएगी। स्टेडियम में लगभग 1200 लोगों के बैठने की क्षमता होगी। इसमें इंटरनेशनल लेवल की फ्लोरिंग की जा रही है। इससे खेल के दौरान खिलाडिय़ों को चोट लगने की आशंका कम रहेगी। हुडा के एक्सईएन राजीव शर्मा के अनुसार इंडोर स्टेडियम का काम तेजी से चल रहा है। फरवरी अंत तक स्टेडियम की छत डालने के बाद फिनिशिंग का काम शुरू हो जाएगा। उसके बाद जून तक स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।