पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पॉश इलाके में सिक्यूरिटी ऑफिसर की हत्या

पॉश इलाके में सिक्यूरिटी ऑफिसर की हत्या

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

गुडग़ांव। शहर के पॉश इलाके निर्वाणा इस्केप में गुरुवार सुबह सिक्यूरिटी ऑफिसर की हत्या से लोग सकते में हैं। ऑफिसर का शव देखकर सोसायटी के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस जांच के दौरान शव के पास से एक बड़ा पेचकस मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी शव के गले पर नुकीली चीज से हमला करने की बात सामने आई है।


पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सोहना रोड स्थित पॉश सोसायटी निर्वाणा इस्केप में गुरुवार अलसुबह पुलिस को सूचना मिली कि इलाके में सिक्युरिटी ऑफिसर का शव पड़ा मिला है। सूचना मिलते ही तुरंत सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पता चला कि ड्यूटी के दौरान किसी ने सिक्यूरिटी ऑफिसर की हत्या कर शव फेंक दिया। मृतक की पहचान झज्जर जिले के गांव डाबौदा के रहने वाले संजीत मलिक (23) के रूप में हुई है। मृतक के सिर पर काफी चोट के निशान मिले हैं। गले पर कई जख्म हैं। पुलिस ने यहां ड्यूटी कर रहे सिक्यूरिटी गार्ड्स से भी पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी हत्या के मामले की जानकारी न होने की बात कही।

जहां मृतक का शव मिला है, वहां पर कोई सीसीटीवी भी नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार उसकी मौत सिर पर चोट लगने और ज्यादा खून बहने से हुई है। ऐसे में पुलिस इस एंगल से हत्या का मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल कर रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी स्तर पर जांच पड़ताल कर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार के अनुसार मामले में कई सबूत इकट्ठे किए जा रहे हैं। इस आधार पर जांच आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल सोसायटी में ड्यूटी कर रहे सिक्यूरिटी गाड्र्स से पूछताछ की जा रही है।