- Hindi News
- ठंड से मौत पर आयोग ने भेजा दिल्ली सरकार को नोटिस
ठंड से मौत पर आयोग ने भेजा दिल्ली सरकार को नोटिस
भास्कर न्यूज - नई दिल्ली
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली में कथित रूप से ठंड के कारण कई बेसहारा लोगों की मौत की मीडिया रिपोर्टों का संज्ञान लेते हुए दिल्ली सरकार को नोटिस जारी कर जवाब देने को कहा है। आयोग की ओर से बुधवार को जारी वक्तव्य में रिपोर्टों के हवाले से कहा गया है कि दिल्ली सरकार हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद बेसहारा लोगों को आश्रय देने के लिए योजना बनाने में विफल रही है। मीडिया में 19 जनवरी को आई एक रिपोर्ट में कहा गयाह ै कि उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट के निकट पिछली रात छह लोगों की मौत हो गई। इसी तारीख की एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि राजधानी में बेसहारा लोगों के लिए रैन बसेरे न होने के कारण 12 लोगों की मौत हो गई। आयोग ने कहा है कि यदि मीडिया में आई रिपोर्ट सही है तो यह मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। आयोग ने दिल्ली के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में जवाब देने को कहा है।