साढ़े बारह बजे तक मेट्रो रहेगी बंद
भास्कर न्यूज - नई दिल्ली
गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा व्यवस्था के चलते 26 जनवरी को सुबह 6 से लेकर 12.30 बजे तक दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले मुसाफिरों को थोड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 26 जनवरी को लाइन-2 ((हुडा सिटी सेंटर से जहांगीरपुरी)), लाइन-3 ((द्वारका सेक्टर 21 से वैशाली/नोएडा सिटी सेंटर)) एवं लाइन-6 ((केंद्रीय सचिवालय से बदरपुर)) के नौ मेट्रो स्टेशन से ट्रेनों का परिचालन बंद करने का फैसला किया है। इसके अतिरिक्त लाइन-3 में इंद्रप्रस्थ से राजीव चौक के बीच ट्रेनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत 26 जनवरी को लाइन-2 ((हुडा सिटी सेंटर से जहांगीरपुरी)) पर सुबह 6.30 से लेकर दोपहर 12.30 बजे तक राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन और रेस कोर्स मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास की सुविधा नहीं होगी। राजीव चौक पर लाइन-2 से लाइन-3 और केंद्रीय सचिवालय से लाइन-2 से लाइन-6 के लिए सिर्फ इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध होगी। पटेल चौक, उद्योग भवन और रेस कोर्स मेट्रो स्टेशन पर ट्रेनें नहीं रुकेंगी। वहीं लाइन-3 ((द्वारका सेक्टर 21 से वैशाली/नोएडा सिटी सेंटर)) पर राजीव चौक, बाराखंभा रोड, मंडी हाउस और प्रगति मैदान पर सुबह 6.30 बजे से लेकर दोपहर 12.30 बजे तक प्रवेश और निकास प्रतिबंधित होगा। नोएडा सिटी सेंटर की ओर से आने वाली ट्रेनों को इंद्रप्रस्थ पर टर्मिनेट कर दिया जाएगा और वैशाली से आने वाली ट्रेनों को यमुना बैंक पर टर्मिनेट कर दिया जाएगा। द्वारका की ओर से आने वाली ट्रेनों को राजीव चौक पर टर्मिनेट कर दिया जाएगा। इस दौरान राजीव चौक पर टिकटों की ब्रिक्री पूरी तरह से बंद हो जाएगी। इसी तरह लाइन-6 ((केंद्रीय सचिवालय से बदरपुर)) पर खान मार्केट एवं केंद्रीय सचिवालय पर प्रवेश और निकास पर पाबंदी होगी। टिकटों की बिक्री बदरपुर से जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन के बीच होगी।
एक घंटे नहीं होगा विमानों का परिचालन : गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा के मद्देनजर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सुबह 11.15 बजे से 12.15 के बीच विमानों का परिचालन नहीं होगा। दरअसल, समारोह के चलते 50 नॉटिकल माइल की परिधि को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। जिसके चलते एक घंटे के दौरान आईजीआई एयरपोर्ट से कोई भी उड़ान परिचालित न करने का फैसला किया गया है। विगत वर्षों से अलग इस साल नॉन शिड्यूल फ्लाइट के साथ-साथ शिड्यूल फ्लाइट को भी प्रतिबंध में शामिल किया गया है।
वहीं दूसरे एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली सभी एयरलाइनों को निर्देश दिए गए हैं कि आईजीआई एयरपोर्ट पर प्रतिबंध खत्म होने के बाद ही उड़ान भरें। एयरपोर्ट अधिकारियों ने मुसाफिरों को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की वास्तविक स्थिति जरूर पता कर लें। साथ ही इतना पर्याप्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचे कि सुरक्षा की वजह से हुई देरी की वजह से उनकी फ्लाइट न छूटे।