पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शीला ने अदालत में 5 हजार रुपए जमा किए, पेश नहीं हुईं

शीला ने अदालत में 5 हजार रुपए जमा किए, पेश नहीं हुईं

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नई दिल्ली - दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भाजपा नेता विजेंदर गुप्ता के खिलाफ दर्ज कराए गए मानहानि के मामले में पेश नहीं हो पाने के कारण अपने ऊपर लगाए गए पांच हजार रुपए जुर्माने के तौर पर दिल्ली की एक अदालत में जमा किया। दीक्षित मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट नेहा के समक्ष उपस्थित नहीं हुईं और व्यक्तिगत पेशी से एक दिन की छूट मांगी। दीक्षित को इससे पहले बिना कोई बहाना बनाए अदालत के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया था। दीक्षित के आवेदन का गुप्ता ने विरोध किया और उनके वकील ने अदालत से पूर्व मुख्यमंत्री पर और जुर्माना लगाने को कहा। हालांकि न्यायाधीश ने कहा कि आज का दिन पहला दिन है और उन्हें ट्रांसफर के जरिए फाइल मिली। इसलिए कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा।
न्यायाधीश ने कहा कि दीक्षित पर जो जुर्माना लगाया गया था उसका उन्होंने प्रॉक्सी वकील के जरिए पहले ही भुगतान कर दिया है। भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि वह धन नहीं रखना चाहते हैं। गुप्ता ने कहा कि मैं यह धन अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को दे रहा हूं ताकि वे गरीब लोगों के लिए कंबल खरीदें जो ठंड से मर रहे हैं। अदालत ने हालांकि व्यक्तिगत पेशी से आज के लिए छूट की मांग संबंधी पूर्व सीएम का आवेदन मंजूर कर लिया और आरोप तय करने से पहले साक्ष्य दर्ज करने के लिए दो जुलाई की तारीख निर्धारित की।