- Hindi News
- साउथ एमसीडी छात्रों के घर जाकर खोलेगी बैंक अकाउंट
साउथ एमसीडी छात्रों के घर जाकर खोलेगी बैंक अकाउंट
बैंक के माध्यम से वर्दी की जगह नकद राशि का होगा भुगतान
शेखर घोष - नई दिल्ली
साउथ एमसीडी के एजुकेशन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म कर पारदर्शिता लाने व समय पर वर्दी देने के लिए साउथ एमसीडी ने ३.२० लाख छात्रों के घर जाकर ऑन स्पॉट बैंक अकाउंट खोलने का निर्णय लिया है। एसडीएमसी के इस निर्णय के बाद वर्दी, वजीफा के तहत मिलने वाले रुपए सीधे छात्रों के अकाउंट में पहुंचेंगे और छात्रों को राशि का भुगतान बैंकों के माध्यम से होगा। एसडीएमसी ने इसके लिए कई निजी और सरकारी बैंकों से समझौता किया है। बैंक सभी छात्रों का जीरो बैलेंस स्कीम के तहत अकाउंट खोलेंगे।
एसडीएमसी के स्कूलों मे पढऩे वाले छात्र बैंक अकाउंट के जरिए मिलने वाली सहायता राशि समय पर ले सकेंगे। इस निर्णय के बाद एक ही छात्रों द्वारा अलग-अलग स्कूलों में नाम लिखाकर वजीफा व वर्दी के लिए अलग-अलग रुपए लेने के साथ अन्य कई तरह के भ्रष्टाचार रुक जाएंगे। इसके साथ छात्र जब तक 18 वर्ष के होंगे, उसके बैंक का स्टेटमेंट भी मिल जाएगा जो छात्रों को बैंकों से एजुकेशन लोन दिलवाने में सहायक सिद्ध होंगे।