बलसन में शीघ्र चलाई जाएंगी बसें : बलवीर
भास्कर न्यूज - ठियोग
ठियोग लोक निर्माण मंडल के तहत चौपाल क्षेत्र में आने वाली कुठार पंचायत में बनी बाला से किशौर, थौट से नहौली और एक अन्य सड़क छैला-शलोहा-टिक्कर संपर्क सड़कों को प्रशासन ने बुधवार को बस लायक सड़क के रूप में पास कर दिया। इन सड़कों में से दो नाबार्ड के तहत और एक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी है। ठियोग के एसडीएम एमआर भारद्वाज के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग और परिवहन निगम के अधिकारियों की समिति ने इन सड़कों पर बस चलाकर इन्हें पास किया। उधर चौपाल क्षेत्र के विधायक बलबीर वर्मा ने इन सड़कों के पास होने पर प्रसन्नता जताई है।
शीघ्र चलेंगी बसें
विधायक बलबीर वर्मा ने बताया कि इन सड़कों के पास होने से चौपाल विस के बलसन क्षेत्र के कई गांवों को लाभ होगा और इन सड़कों पर वाहन चालक निर्भय होकर किसानों की फसलें और अन्य सामान ढो पाएंगे। ये सड़कें पास न होने के कारण वाहन चालक दुर्घटना होने की स्थिति में इंश्योरेंस राशि न मिलने के भय से यहां पर वाहन ले जाने से डरते थे। उन्होंने वादा किया कि वे जल्दी ही बलसन क्षेत्र जाकर इन सड़कों का विधिवत रूप से उद्घाटन करके इन्हें जनता को समर्पित किया जाएगा। वर्मा ने बताया कि इन सभी सड़कों पर बसें जल्दी से जल्दी चलाने का प्रयास भी किया जाएगा ताकि इन क्षेत्रों के लोगों को सुविधा हो सके।