स्टोन क्रशरों की मनमानी पर लगे रोक
भास्कर न्यूज - रामपुर बुशहर
बीडीसी रामपुर खंड के सदस्यों की एक बैठक सोमवार को यहां हुई जिसकी अध्यक्षता बीडीसी वायस चेयरमैन राजेन्द्र ठाकुर ने की। बैठक में बीडीओ रामपुर बुधराम भी विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक में विभिन्न महकमों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सभी सदस्यों ने स्टोन क्रशरों की मनमानी पर गुस्सा व्यक्त किया तथा निर्णय लिया कि वे शीघ्र ही क्रशर मालिकों की मनमानी को मुख्यमंत्री व उद्योग मंत्री के समक्ष उठाएंगे।
सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में जितने भी क्रशर चल रहे हैं वे आम लोगों की बजाए निजी कंपनियों के सप्लायर बने बैठे हैं। क्रशर मालिक सप्लाई को केवल कंपनियों को दे रहे हैं जबकि आम आदमी अगर यहां पर रोड़ी लेने जाता है तो उसे महंगे रेट पर सप्लाई दी जा रही है। ऐसे में क्षेत्र का आम आदमी परेशान है। तकलेच-दरकाली बीडीसी सदस्य कलावती ने दरकाली सड़क पर बस चलने की जोरदार मांग की व गैस सिलेंडर की गाड़ी को फैक्टरी तक भेजने की भी डिमांड की वहीं नरैंण बाहली समिति सदस्या बीना मेहता ने कहा कि बाहली से थेड़ा तक की सड़क को लोक निर्माण विभाग जल्द दुरूस्त करें।
इसके अलावा बाहली से नेहरा की सड़क पर मेटलिंग की जाए। साथ ही दोफदा पंचायत समीति सदस्या पुष्पा लोहटु ने कहा कि वे काफी मर्तबा उच्ची बस को दोफदा तक चलाने की मांग इस बैठक में व अन्य मंच पर उठा चुके है, लेकिन अभी तक ये छोटी सी मांग को पूरा नही कर पाए है। ऐसे में दोफदा व उच्ची के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोहटु ने इस पंचायत के अधीन बने भवानी प्रोजेक्ट प्रबंधन पर आरोप जड़ा कि उक्त परियोजना ने पंचायत को एक लाख रुपए देने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी प्रबंधन ने पंचायत को ये राशि नहीं दी। वहीं बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के न आने पर रोष व्यक्त किया गया। सदस्यों ने कहा कि इस बैठक में एनएच विभाग, खनन विभाग व खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी पिछले तीन वर्ष इस बैठक में नहीं आ रहे है। इससे सदस्यों द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न मुद्दों पर समाधान नहीं हो पा रहा है। इस बैठक में राजेंद्र ठाकुर, रामदासी, द्रोपती देवी, कौशल्या, आशु देवी, बीना मेहता, पुष्पा देवी, मीरा देवी, कांता देवी, मनोज शर्मा उपस्थित थे।
आश्वासन के बावजूद पैसे न देने का परियोजना पर लगाया आरोप