भाजयुमो की बैठक से कई नदारद
पवन ठाकुर - सोलन
भारतीय जनता युवा मोर्चा में सब ठीक नहीं चल रहा है। कम से कम सोलन जिला में तो ऐसा दिख ही रहा है। सोमवार को नरेंद्र मोदी की सुजानपुर में होने वाली रैली की तैयारियों की रणनीति बनाने के लिए हुई बैठक में जिला के प्रभारी समेत अधिकतर प्रदेश पदाधिकारी शामिल नहीं हुए।
ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। अकसर मंडल की बैठक में जिला और जिला की बैठक से प्रदेश पदाधिकारी नदारद रहते हैं। माना जा रहा है कि ऐसा पदाधिकारियों में आपसी खींचतान के कारण हो रहा है। जिला में युवा मोर्चा गुटों में बंटी दिख रही है। पिछले दिनों युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर के आने पर भी कुछ जिला व प्रदेश पदाधिकारी बैठक में शामिल नहीं हुए थे। तब भी यह बात उठी थी कि आखिर सोलन के युवा मोर्चा के नेता एक मंच पर क्यों नहीं दिखते। ऐसा माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर ने अपनी टीम तो बनाई, लेकिन इस टीम का जिला व मंडल से तालमेल नहीं है।
॥कोर्ट में पेशी के कारण मैं सोलन की बैठक में शामिल नहीं हो पाया। अन्य पदाधिकारियों के बारे में जानकारी नहीं है।
अरुण फाल्टा, जिला प्रभारी, युवा मोर्चा
॥सभी पदाधिकारियों को बैठक में बुलाया गया था। बैठक में प्रदेश सदस्य कमल वर्मा मौजूद रहे। अन्य पदाधिकारी क्यों नहीं आए इस बारे में कुछ नहीं कह सकता।
संजय ठाकुर, जिला अध्यक्ष, युवा मोर्चा
बैठक में ये पदाधिकारी नहीं हुए शामिल
कसौली के धर्मपुर में हुई जिला युवा मोर्चा की बैठक में जिला से संबंधित प्रदेश पदाधिकारी शामिल नहीं हुए। जिला प्रभारी अरुण फाल्टा, प्रदेश सचिव हेम सिंह, मीडिया प्रभारी विवेक डोभाल, कोषाध्यक्ष विषय ठाकुर, जिला सदस्यता अभियान प्रमुख नरेंद्र ठाकुर, सदस्य अभिषेक ठाकुर, अधिराज ठाकुर, शीवम मित्तल, देवेंद्र शर्मा व बबलू पंडित बैठक से नदारद रहे। भाजपा के अग्रणी संगठन भाजयुमो के नेताओं में तालमेल न होना पार्टी के लिए अच्छी बात नहीं है। खासकर जब सिर पर लोकसभा चुनाव है। ऐसे में युवा तुर्कों की खींचतान पार्टी पर भारी पड़ सकती है।
॥एक विवाह समारोह में शामिल होने के कारण शहर से बाहर हूं। इस कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाया। संगठन में पूरी तरह तालमेल है।
विवेक डोभाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी, युवा मोर्चा
मोदी की रैली की तैयारियों को बनाई जानी थी रणनीति, गुटबाजी को लेकर चर्चा तेज