- Hindi News
- रसूखदार उड़ा रहे ट्रैफिक नियमों की धज्जियां
रसूखदार उड़ा रहे ट्रैफिक नियमों की धज्जियां
भास्कर न्यूज - रोहड़ू
रोहड़ू में यातायात नियमों को लागू करना पुलिस के लिए कड़ी चुनौती साबित हो रहा है। अपना रसूख व रौब दिखाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले रसूखदारों की मनमर्जी के आगे पुलिस बेबस नजर आ रही है। साल भर में 3293 चालान करने वाली रोहड़ू पुलिस एक तरफ जहां वाहन चालकों पर चालान का चाबुक चला रही है वहीं पुलिस पर इस मामले में पिक एंड चूज करने के आरोप भी लग रहे हैं।
4 लाख जुर्माना वसूला
रोहड़ू बाजार में यातायात नियमों की अवहेलना का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां वर्ष 2013 में पुलिस ने 3293 चालान किए, जिससे जाहिर होता है कि पुलिस रोहड़ू में हर माह करीब 250 वाहनों के चालान कर रही है। वाहनों के इन चालानों के माध्यम से पुलिस ने साल में 4 लाख 19 हजार रुपए का जुर्माना वसूल कर सरकारी खाते में जमा किया है।
कार्यप्रणाली घेरे में
चालान पर जोर दे रही रोहड़ू पुलिस की यह कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में हैं। वाहन चालकों का कहना है कि पुलिस चालान करने को लेकर पिक एंड चूज की नीति अपना रही है। जिसके तहत पुलिस राजनीतिक नेताओं, रसूखदार लोगों का चालान नहीं करती, जबकि आमजन पर हर वक्त चालान का चाबुक चला रही है।
रसूखदार लोग बेपरवाह
रोहड़ू नगर की सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले रसूखदार लोगों ने अपने वाहनों पर फ्लैग राड, काले शीशे, सायरन, नंबर प्लेट्स पर अंकित किए गए नंबरों से छेड़छाड़ व गाडिय़ों पर अपने पदनामों की पट्टिकाएं लगा रखी हैं।
चालान समस्या का हल नहीं
रोहड़ू नगर में आए दिन होने वाले वाले चालानों से खफा वाहन मालिकों का कहना है कि पुलिस चालान के मामले में भेदभाव करती है। रोहड़ू निवासी संजय, राजिंदर, भीम सिंह, मोहन सिंह का कहना है कि पुलिस क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों के चालान करने में कतराती है जबकि आम दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है।
॥फ्लैग राड, काले शीशे, नंबर पलेट पर अंकित किए गए नंबरों के साथ की गई छेड़छाड़ के मामले में भी पुलिस ने चालान किए हैं। सड़क पर गलत ढंग से पार्क किए गए हर वाहन का चालान किया जा रहा है । पुलिस अपनी मुहिम को जारी रखेगी। ञ्जञ्ज
राजकुमार चंदेल, डीएसपी, रोहड़ू पुलिस