‘शोषण जारी रहा तो आंदोलन करेंगे’
भास्कर न्यूज - रामपुर बुशहर
आउटर सिराज क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं को लेकर निरमंड में बुधवार को लाल झंडाधारियों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर किसान सभा, सीटू, दुग्ध उत्पादक संघ, डीवाईएफ आई व एसएफआई ने संयुक्त रूप से निरमंड बाजार में रैली निकाली। किसान सभा ने कहा कि यदि इसी प्रकार सरकार आम लोगों का शोषण करती रही तो वे सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
जनता पर महंगाई की मार
सीटू के राज्य सचिव एवं पूर्व विधायक राकेश सिंघा व किसान सभा राज्य सचिव कुशाल भारद्वाज ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस व भाजपा दोनों ही सरकारों ने आम जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया है। नवउदारवाद नीतियों से आम लोगों की हालत खस्ता हो गई है और चारों ओर महंगाई व भ्रष्टाचार को बोलबाला है। कामरेड नेताओं ने कहा कि बिजली व पानी के अलावा शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे अहम मसले भी महंगाई की मार चढ़ गए हैं। प्रदेश में खाद्य वितरण प्रणाली को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। बीपीएल व एपीएल परिवारों में कोई समानता नहीं रह गई। राशन कोटे में कटौती कर दी और वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए गए हैं।
सिंघा और भारद्वाज ने कहा कि कृषि व बागवानी क्षेत्र में अनुदान को समाप्त कर दिया है और किसानों को माली हालत में डुबो दिया है। इसी तरह से महंगाई बढ़ती रही तो यहां पर भी वो दिन दूर नहीं जब किसान व गरीब व्यक्ति आत्महत्या करने पर विवश हो जाएंगे। उन्होंने आम लोगों से आह्वान किया कि वे ऐसी
सरकार को चुनें जो आम आदमी के हितों को सर्वोपरि रखे। उन्होंने कहा कि दोनों ही पार्टियां आम हितों को दरकिनार करते हुए स्वयं हित को बढ़ावा दे रही हैं।
निरमंड में सीटू, किसान सभा के संयुक्त प्रदर्शन में बोले सिंघा और भारद्वाज
निरमंड में हिमाचल किसान सभा के प्रदर्शन में उपस्थित ग्रामीण।