- Hindi News
- लाडा के पैसे जमा करवाए प्रोजेक्ट प्रबंधन: नंदलाल
लाडा के पैसे जमा करवाए प्रोजेक्ट प्रबंधन: नंदलाल
भास्कर न्यूज - रामपुर बुशहर
रामपुर क्षेत्र तहत परियोजना प्रभावितों की प्रशासन व कंपनी प्रबंधन के बुधवार बीते शाम लाडा की एक बैठक एसडीएम सभागार में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मुख्य संसदीय सचिव नंदलाल ने की। बैठक में लाडा अध्यक्ष एसडीएम दलीप नेगी भी मौजूद थे। इसके अलावा विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारी व माइक्रो हाइडल प्रोजेक्ट के अधिकारी भी मौजूद थे।
जल्द जमा करें राशि
लाडा की इस बैठक में परियोजना प्रभावितों एवं विस्थापितों के मुद्दों को लेकर विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। सीपीएस नंदलाल ने उपस्थित प्रशासन व कंपनी प्रबंधन को आदेश जारी करते हुए कहा कि लोकल एरिया डवलपमेंट ऑथोरिटी के तहत खर्च की जाने वाली राशि को शीघ्र लाडा कमेटी में जमा करें, ताकि इस पैसे को क्षेत्रीय विकास में खर्च किया जा सके। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की ओर से यह राशि जमा नहीं हुई वे शीघ्र इसे जमा करें। सीपीएस ने परियोजना निर्माण की एवज में प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं पुर्नवास नीति को लागू करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि आरएंडआर पॉलिसी के तहत परियोजना में 70 फीसदी रोजगार स्थानीय लोगों को सुनिश्चित करें। इसके अलावा निर्माण कार्य से प्रदूषण से फसलों को हो रहे नुकसान तथा बलास्टिंग से मकानों में दरारें आने पर भी प्रभावित परिवारों को समय रहते मुआवजा अदा किया जाए। सीपीएस ने कहा कि परियोजना में जमीन अधिग्रहण किए जाने की एवज में विस्थापितों के एक परिवार को अनिवार्य रूप से स्थायी रोजगार प्रदान किया जाए। इसके अलावा नीति के तहत विस्थापितों को अन्य सभी वितीय लाभ भी प्रदान किए जाएं। रामपुर परियोजना अंतर्गत दत्तनगर पंचायत में प्रदूषण एवं बलास्टिंग से मकानों में आई दरारों की एवज में मुख्य संसदीय सचिव ने आरएचईपी प्रबंधन को जल्द मुआवजा अदा किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रामपुर परियोजना द्वारा जब निरमंड की सात पंचायतों के प्रभावितों को मुआवजा दिया चुका है तो दत्तनगर पंचायत के प्रभावितों को भी मुआवजा दिए जाने में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई परियोजनाओं का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। परियोजना प्रबंधन को कमिशनिंग के बाद भी सभी प्रकार के मुआवजे एवं लाभ प्रभावितों को समय-समय पर दिए जाने होंगे। इस अवसर पर रामपुर परियोजना सहित क्षेत्र में निर्मित की जा रही विभिन्न माइक्रो प्रोजेक्ट के अधिकारी, तहसीलदार मुकेश शर्मा, डीएसपी सुनील नेगी, डीएफओ अमित शर्मा, एक्सईन पीडब्यूडी एवं आईपीएच, बीएमओ, एसएमएस कृषि एवं बागवानी सहित विभिन्न महकमे के अधिकारी व प्रभावित क्षेत्र के प्रतिनिधि मौजूद थे।