जान गंवाई, नप ने फिर भी नहीं लिया सबक
भास्कर न्यूज - रामपुर बुशहर
रामपुर नगर परिषद तहत पिपटी वार्ड में अधिकारियों व पदाधिकारियों की अक्षमता के कारण बुधवार रात्रि एक और युवक को अपनी जिंदगी से हाथ धोना पड़ा। दरअसल पिपटी वार्ड के लिए नेशनल हाईवे से पैदल मार्ग की इतनी खस्ताहालत है कि यहां लोगों को पैदल चलना खतरे से खाली नहीं रहता। बीते तीन वर्ष इस रास्ते में ही दो युवकों की पहाड़ी से गिरकर मौत हुई थी और बुधवार रात्रि फिर एक जवान रास्ते की खराबी के कारण अपनी जान से हाथ धो बैठा। दरअसल पिपटी वार्ड का दीपक कौल रोजाना की तरह रात्रि करीब 9 बजे अपना कारोबार बंद करने के बाद घर जा रहा था। दीपक कौल पिपटी मोड़ पर ऑटो में गया और उसके बाद घर जाने लगा तो वह पहाड़ी से गिरकर सीधा एनएच में गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास लोगों ने जब एनएच में युवक को गिरा देखा तो उसे उठा लिया। इस बीच ऑटो वाला भी दोबारा सवारियां लेकर वहां से गुजरते हैरान हो गया। लोगों ने उसे खनेरी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। पुलिस के अनुसार दीपक कौल की मौत पहाड़ी से गिरने से हुई है जिसका पोस्टमार्टम कर दिया है।
बिना प्रस्ताव ही कार्य
नगर परिषद द्वारा विभिन्न वार्डों में कई जगहों पर बिना प्रस्ताव ही रास्ते की मरम्मत और अन्य कार्य शुरु किए जाते हैं लेकिन संवेदनशील प्वाइंट पर सुरक्षा रेलिंग लगाने व रास्ते की मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। शहर के कई जगहों पर ऐसे प्वाइंट है जहां लोगों को पैदल चलना खतरे से भरा रहता है।पिपटी वार्ड में रास्ते की दुर्दशा के कारण कई लोगों की जानें चली जाने के बाद नगर परिषद ने सबक नहीं लिया है। पिछले तीन वर्ष पूर्व यहां दो दोस्तों की गिरकर मौत हुई। उससे पहले भी लवी मेले के दौरान एक युवक रास्ते से एनएच में गिरा और मौत हो गई। करीब आधे किलोमीटर इस पैदल रास्ते में कुछ हिस्से पर ही रेलिंग लगाई गई है और शेष जगह पैदल चलने के लिए खतरे से खाली नहीं है।
नगर परिषद में सभी कार्य प्रस्ताव की मंजूरी के बाद ही होते हैं। इस रास्ते की मरम्मत का प्रस्ताव ही नहीं पहुंचा शायद तभी कमी को पूरा नहीं किया जा सका।
बीएस ठाकुर,जेई, नगर परिषद रामपुर