- Hindi News
- प्रस्तावित गृहकर वापस नहीं लिया तो होगा आंदोलन
प्रस्तावित गृहकर वापस नहीं लिया तो होगा आंदोलन
भास्कर न्यूज - नादौन
स्थानीय नगर पंचायत वासियों के लिए गृहकर मुसीबत बनकर रह गया है। नगर पंचायत के प्रस्तावित बेतहाशा गृहकर को लेकर शहर वासियों में रोष है। कई लोग अपने मकान नगर पंचायत क्षेत्र में होने को लेकर भी परेशान व चिंतित हैं। क्योंकि व्यर्थ में ही सालाना बेतहाशा गृहकर नगर पंचायत द्वारा लगाकर गृहकर वसूली के नोटिस भेजे जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि इससे तो बेहतर होता कि नादौन नगर पंचायत की बजाए ग्राम पंचायत होती तो कम से कम इस महंगाई के दौर में बेतहाशा गृहकर से तो निजात मिलती। उधर व्यापार मंडल नादौन के प्रधान विनोद कुमार उर्फ सन्नी ने कहा कि व्यापार मंडल शहर वासियों के साथ है और यदि नगर पंचायत ने यह गृहकर का प्रस्ताव वापस नहीं लिया तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। व्यापार मंडल ने एसडीएम बलबीर ठाकुर के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को एक ज्ञापन भेजा है।