- Hindi News
- खड्डों में खनन प्रतिबंध, स्टॉक माइनिंग के नाम पर जारी हो रही रॉयल्टी पर्चियां
खड्डों में खनन प्रतिबंध, स्टॉक माइनिंग के नाम पर जारी हो रही रॉयल्टी पर्चियां
भास्कर न्यूज - हमीरपुर
खड्डों में खनन पर प्रतिबंध होने पर भी कई जगह माइनिंग विभाग रॉयल्टी पर्चियां जारी कर रहा है। विभाग का तर्क है कि यह स्टॉक माइनिंग के लिए जारी की है, जनरल के लिए नहीं। इसकी आड़ में ठेकेदार स्टॉक उठाने के साथ खड्ड में और भी खनन कर रहे हैं। मान खड्ड में कश्मीर पंचायत के लोगों ने डीसी सहित विभाग को शिकायत की है। उनका आरोप है कि अवैध खनन नहीं रुकने से स्कूल, अस्पताल, पानी की स्कीम और पुल को खतरा बढ़ रहा है। मंगलवार को भी एसडीएम के खुले दरबार में लोगों ने मांग की कि रॉयल्टी पर्चियां जारी करने बंद होना चाहिए।
कमेटी को मिले अधिकार: लोगों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों की कमेटियां को प्रतिबंध लगाने का अधिकार दिया जाए। एसडीएम बलवीर ठाकुर ने कहा कि माइनिंग विभाग अगर एनओसी देता है तो इस बारे में सोचा जा सकता है।
 जहां स्टॉक माइनिंग सामग्री थी, उसके लिए रॉयल्टी पर्चियां जारी की हैं। जनरल खनन के लिए नहीं, कश्मीर के पास भी एक ठेकेदार को पर्चियां जारी की है। उस समय उसका स्टॉक वेरिफाई किया था।
राजेश कालिया, जिला खनन अधिकारी
सात दिन बाद हरकत में आया विभाग
कामाशा युवा क्लब कश्मीर के अशोक कुमार, कर्णवीर, त्रिलोक, वार्ड पंच जुल्फी राम, अमर सिंह, पंचायत प्रधान मीना कुमारी ने सोमवार को विभाग की टीम को बताया कि खड्ड में स्टॉक नहीं है, लेकिन रॉयल्टी पर्चियां के कटने से दोषी भी शिकंजे में नहीं आ रहे हैं। टीम ने मौके पर दो ट्रैक्टर ऑपरेटरों को निर्माण सामग्री ले जाते चैक किया, तो उनके पास रॉयल्टी की पर्ची थी और वे जुर्माने से बच गए। उन्होंने कहा कि 20 दिन पहले हुई शिकायत पर विभाग 27 जनवरी को चैकिंग पर आया। इस लेट-लतीफी के कारण अवैध खनन करने वालों का हौसला बढ़ा है।