पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 4.78 करोड़ मंजूर, छह साल से नहीं बनी सड़क

4.78 करोड़ मंजूर, छह साल से नहीं बनी सड़क

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - नालागढ़
बेशक नालागढ़ क्षेत्र में आज उद्योग लगने के कारण विकास हुआ है, लेकिन इस ब्लॉक की ग्राम पंचायत नालका के गांवों में आधारभूत सुविधाएं आज तक उपलब्ध नहीं हैं। इस पंचायत को जोडऩे वाली एक मात्र भुड-पट्टा मार्ग वाया धरेड़ को पक्का करने के लिए २००८ से नाबार्ड ने 4 करोड़ 78 लाख रुपए स्वीकृत किए थे, जिसका कार्य भी शुरू हो गया था, लेकिन छह साल बाद भी सड़क पूरी नहीं बन पाई है। सड़क का काम बीच में ही बंद कर दिया गया है।
29 गांवों वाली ग्राम पंचायत नालका में १७४३ आबादी है, जिसमें ८० फीसदी अनुसूचित जाति से संबंधित है। विकास के लिहाज से बात करें, तो पंचायत में सड़क, पेयजल व स्वास्थ्य के नाम पर कोई खास सुविधा नहीं है।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए बद्दी जाना पड़ता था। क्षेत्र के लोगों ने 2011 के चुनावों का बहिष्कार करने की धमकी दी थी तब सरकार ने धरेड स्कूल को सीनियर सेकंडरी स्कूल का दर्जा दिया। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से लगभग 15 किमी के पहाड़ी क्षेत्र में बसी नालका पंचायत में पेयजल के लिए विभाग ने लाइनें बिछा रखी हैं, लेकिन लाइनें जगह-जगह टूटी पड़ी हैं। नतीजतन लोग बावडिय़ों व प्राकृतिक स्रोतों से पानी लेने को मजबूर हैं।




दोबारा हो रहे टेंडर

उपमंडल कसौली के अधिशासी अभियंता मदन लाल ठाकुर ने बताया कि अब इस मार्ग के निर्माण कार्य के लिए दोबारा से टेंडर हो रहे हैं। जल्द ही सड़क का काम शुरू कर दिया जाएगा।