कुरगल-टकराणा पेयजल योजना लोगों के नाम
भास्कर न्यूज - सोलन
कंडाघाट ब्लॉक के हिन्नर पंचायत की कुरगल-नौरा-टकराणा 40 लाख रुपए की लागत से बनी उठाऊ पेयजल योजना का बुधवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने उदघाटन किया। इस योजना से कुरगल के आसपास के क्षेत्र के 11 गांवों के करीब 1200 लोगों को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पूर्व उन्होंने कुरगल में आंगनबाड़ी भवन व नौरा में सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया।
कुरगल में डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश में सभी लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय विकास की चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि गण-की-सेर के लिए 25 लाख रुपए की लागत से उठाऊ पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। इसी तरह 50 लाख रुपए की लागत से ओयली-मंझोली उठाऊ सिंचाई योजना, 73 लाख रुपए की लागत से बनने वाली टिक्करी-टणांजी उठाऊ पेयजल योजना, 1.50 करोड़ रुपए की लागत से बन रही उठाऊ पेयजल योजना सलोगड़ा का कार्य भी प्रगति पर है ।
इस अवसर पर उन्होंने नौरा-टकराणा के लिए सिंचाई योजना, टिक्करी-घलेच-पांगदी के लिए सिंचाई योजना के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने मिडिल स्कूल कड़ोग को हाई स्कूल में स्तरोन्नत करने का भी आश्वासन दिया। इस मौके पर राहुल ठाकुर, रमेश ठाकुर, पलकराम, एसएम सानी, एलआर वर्मा, सरदार सिंह ठाकुर, सुशील चौधरी, शिव कुमार, रूप सिंह, हेमंत तनवर भी मौजूद रहे।
पेयजल योजना का लोकार्पण करते कर्नल धनीराम शांडिल।