- Hindi News
- सोलन में ऑटो रिक्शा चालकों की हड़ताल से लोग हुए परेशान
सोलन में ऑटो रिक्शा चालकों की हड़ताल से लोग हुए परेशान
भास्कर न्यूज - सोलन
टोकन टैक्स में बढ़ोतरी के विरोध में शहर के ऑटो चालकों बुधवार को सांकेतिक हड़ताल की। इसके चलते शहर में करीब ३०० ऑटो नहीं चल पाए। ऑटो चालकों की हड़ताल के कारण शहर के करीब १५ हजार लोग प्रभावित हुए। ऑटो रिक्शा के टोकन टैक्स में ६०० रुपए से बढ़ाकर ७५०० रुपए किया गया है। इसके विरोध में ऑटो चालकों ने एटक के बैनर तले सपरून से लेकर डीसी ऑफिस होते हुए पुराना बस स्टेंड तक रैली का आयोजन किया गया। यहां पर एकत्र ऑटो चालकों को एटक के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश भारद्वाज ने संबोधित किया। उन्होंने टोकन टैक्स में बढ़ोतरी को अन्यायपूूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भेदभावपूर्ण परिवहन नीति अपना कर परिवहन मंत्री जीएस बाली छोटे ऑपरेटरर्स व ऑटो चालकों के साथ अन्याय कर रहे हैं। उन्होंने टैक्सी व छोटे माल वाहक वाहनों के टोकन टैक्स व पैसेंजर टैक्स में कई गुणा बढ़ोतरी कर इस वर्ग को आर्थिक बोझ तले ला दिया है। उन्होंने कहा कि टैक्स बढ़ोतरी सिद्धांत के अंतर्गत होनी चाहिए, मनमाने तरीके से नहीं।
मंत्री का होगा घेराव
शूलिनी ऑटो रिक्शा ऑपरेटरर्स यूनियन सोलन के प्रधान रवि गुप्ता व महासचिव मनारंजन सेठी ने टोकन टैक्स में बढ़ोतरी का विरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने टैक्स में की गई बढ़ोतरी को वापस नहीं लिया, तो परिवहन मंत्री का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टैक्स व पेट्रोल के दाम बढऩे से उन्हें खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है।