समय पर गैस न मिलने पर डीसी से की शिकायत
सोलन - ग्राम पंचायत रौड़ी के लोगों ने गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू न होने पर डीसी सोलन मदन चौहान से शिकायत की । प्रधान किरपा राम की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने डीसी को पंचायत की ओर से पारित प्रस्ताव की कॉपी सौंपी। प्रस्ताव में कहा गया है कि पंचायत में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति गैस एजेंसी कसौली की ओर से अपनी मर्जी से की जाती है। निर्धारित दिन में लोग सिलेंडर की गाड़ी का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन शाम को खाली हाथ घर लौटना पड़ता है। उन्होंने डीसी से मांग की कि पंचायत में सिलेंडर की आपूर्ति अव्यस्थित की जाए। प्रतिनिधिमंडल में प्रधान के अलावा पूर्ण चंद शर्मा, विनोद शर्मा, नंदलाल शर्मा, हेमंत शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, धनीराम व सत्यव्रत शामिल रहे।