- Hindi News
- सोलन में पालिका बाजार की होगी विजिलेंस जांच
सोलन में पालिका बाजार की होगी विजिलेंस जांच
भास्कर न्यूज - सोलन
नगर परिषद सोलन ने अवैध भवनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है। इसकी शुरूआत नगर परिषद ने अपने घर से ही करने का निर्णय लिया है। हाउस ने बिना एनओसी के बने नगर परिषद के पालिका बाजार की विजिलेंस जांच करवाने का निर्णय लिया है।
शुक्रवार को नगर परिषद उपाध्यक्ष पवन गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्षद सुनील जग्गा की मांग पर प्रस्ताव पास हुआ। इसके अलावा शहर में बिल्डरों व अन्य लोगों द्वारा बनाए गए अवैध भवनों को तोडऩे के लिए अगली बैठक में प्रस्ताव डालने पर सहमति बनी। शुक्रवार को नगर परिषद की विशेष बैठक वार्ड नंबर दो की पार्षद सुषमा शर्मा को धमकी देने के मामले को लेकर बुलाई गई थी।
आरोपी पर हो कार्रवाई: मनीष
वार्ड नंबर एक के पार्षद मनीष कुमार ने इस मामले को उठाते हुए कहा कि नगर परिषद में होने वाली कार्रवाई की बात बड़े बिल्डरों या फिर लोगों तक पहुंचाने में नगर परिषद के कुछ कर्मचारियों का नाम सामने आया है। ऐसे में इस मामले की जांच होनी चाहिए और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच करके यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया गया तो कार्रवाई होगी।
बैठक में मनीष कुमार, सुषमा शर्मा, जंगी लाल, राजीव ठाकुर, पुनीत शर्मा, इंदू सूद, कृष्णा ठाकुर, सुनील जग्गा, मीरा आनंद व विशाल वर्मा मौजूद रहे।
सोलन - नगर परिषद के विशेष सत्र में भाग लेते कार्यकारी।