पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अपनी सरकार में काम न होने पर भड़के कांग्रेसी

अपनी सरकार में काम न होने पर भड़के कांग्रेसी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कुनिहार/अर्की
जिला सोलन कांग्रेस कमेटी की बैठक अर्की में शनिवार को जिला अध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें लोकसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष राहुल सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से सभी आपसी मतभेद भुला कर एकजुट होने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अर्की क्षेत्र में मुख्यमंत्री का दौरा करवाया जाएगा और रूके पड़े विकास कार्यों को अंजाम दिया जाएगा।
बैठक में जहां अर्की मंडल के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी ही सरकार के होते हुए कार्यकर्ताओं के काम न होने की भड़ास निकाली, वहीं अर्की मंडल के प्रभारी व नालागढ़ के पूर्व विधायक लखविन्द्र राणा ने बैठक में कहा कि जिन लोगों ने चुनावों में पार्टी के खिलाफ काम किया है उन्हें पदों से नवाजा जा रहा है जबकि निष्ठावान व उन कांग्रेसियों की अनदेखी की जा रही है जिन्होंने चुनाव में पार्टी के लिए काम किया है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विनोद सुल्तान पुरी, जिला उपाध्यक्ष संसारी लाल,नाथीराम वर्मा,कंवर बाला राम,खेमचन्द शर्मा,अच्छर पाल कौशल,शिव दत्त ठाकुर,प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के सदस्य संजय अवस्थी,लघु बचत सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश काड़,इन्द्र सिंह ठाकुर,मस्त राम शर्मा,अर्की मण्डल कांग्रेस के अध्यक्ष राजेन्द्र रावत सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद थे।



अस्पताल का मुद्दा उठाया

बैठक में अर्की मंडल कांग्रेस के महासचिव कृष्ण सिंह कंवर ने अर्की अस्पताल का मुद्दा जोर शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में मात्र दो ही डाक्टर मिलते हैं व स्टाफ की कमी का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उनका यह भी कहना था कि कार्यकर्ताओं के पहचान पत्र अभी तक नहीं मिले है, जिस कारण उन्हें सचिवालय में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। बैठक में कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी भड़ास निकालने में कोई कसर नहीं छोड़ी।