- Hindi News
- एक बैड पर दो दो मरीज भर्ती, फर्श पर तीमारदार
एक बैड पर दो-दो मरीज भर्ती, फर्श पर तीमारदार
मोहन चौहान - सोलन
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करने के लिए करीब चार करोड़ रुपए की लागत से बने नए भवन का रोगियों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते अस्पताल के पुराने भवन में सुविधाओं की कमी के कारण भर्ती किए जा रहे रोगियों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। मेल सर्जिकल, फिमेल सर्जिकल वार्ड, गायनी व ऑर्थो वार्ड में बैड की कमी के कारण एक बैड पर दो रोगियों को भर्ती करना पड़ रहा है। मंगलवार रात को अस्पताल के मेल व ऑर्थो वार्ड में सभी बैड फुल पाए गए। इसके चलते आपातकालीन स्थिति में अस्पताल में भर्ती किए गए रोगियों को बैड नहीं मिल पाया। इसके चलते एक ही बैड पर दो रोगी भर्ती करने पड़े। इसके अलावा रोगी वार्डो में तीमारदारों के बैठने की भी उचित व्यवस्था नहीं है। मेल सर्जिकल व ऑर्थो वार्ड में तीमारदारों के बैठने के लिए स्टूल तक उपलब्ध नहीं है। यदि तीमारदार को थोड़ी घड़ी आराम करना पड़े तो उसे ठंडे फर्श पर ही सोना पड़ता है। यहां पर नवनिर्मित भवन में ऑर्थो व गायनी वार्ड को भी शिफ्ट किया जाना है। इसके शिफ्ट होने से मेल सर्जीकल वार्ड का विस्तार संभव होगा।