शिमला की आकर्षिता बनी मिस ब्यास
भास्कर न्यूज - बिलासपुर
मिस्टर और मिस ब्यास के ताज की घोषणा के साथ ही व्यास उत्सव संपन्न हो गया। बिलासपुर के अंकुर कपूर और शिमला की आकर्षिता को मिस्टर व मिस ब्यास के खिताब से नवाजा गया। जबकि बिलासपुर के अक्षय शर्मा और चंडीगढ़ की रितिका शर्मा दूसरे स्थान पर रहे। इसके साथ ही बिलासपुर की दीपिका शर्मा को ब्यूटीफुल आई का खिताब मिला। अंतिम संध्या में मुख्यातिथि के रुप में शिरकत करने पहुंचे मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी ने सभी विजेता व उप विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जनवरी महीने की सर्द रात्रि में पांच महिला मॉडल सहित कुल 17 प्रतिभागियों ने रैंप पर जलवे बिखेरे। वहीं उन्होंने अंतिम व फाइनल राउंड में निर्णायक मंडल द्वारा पूछे गए सवालों का भी खुबसूरती के साथ जवाब दिया।
मंच संचालन कर रहे तेजस्वी शर्मा और प्रवीण शर्मा ने इस शाम को और ज्यादा खुबसूरत बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। जहां निर्णायक मंडल के सदस्य ज्योति ठाकुर, अक्षय वर्मा व संजय हंस प्रतिभागियों की प्रतिभा की परख कर रहे थे, वहीं मंच संचालकों ने प्रतिभागियों से बात कर उनकी भविष्य की योजनाओं से सभी को रुबरु करवाया। इसके साथ ही अन्य प्रतियोगिताओं के विजेता को भी सम्मानित किया गया। समिति के प्रवक्ता कर्ण चंदेल ने बताया कि मेंहदी लगाओ प्रतियोगिता में आर्यान्तिका व स्वाति, क्विज में विशाखा व हर्षवर्धन को पहला व दूसरा स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। जबकि वर्ष में तीन बार रक्तदान करने के लिए व्यास रक्तदाता समिति की ओर से स्वतंत्र कुमार, पवनजीत कश्यप, नवीन वर्मा और प्रणव मेहता को सम्मानित किया गया। गौ रक्षा व सतलुज पूजा के लिए सुनील कुमार को विशेष सम्मान से नवाजा गया।
अंतिम संध्या के इस मौके पर मंच पर आए गायक संजय संधु ने मुड़-मुड़ याद सताने लगी, ऐ दिल जदों दिल लांदे, इक गेड़ा गिद्द्े विच होर, सारी दुनिया नचाई मित्रों, मावंा-मावां, बाबलु मेरी गुडिय़ा, हुसन जवानी मालो-माल, गल्लां गोरियां ते विच टोए जैसे पंजाबी गीतों के साथ ही कई पहाड़ी व पंजाबी गीत भी सुनाए। फिर मंच संभाला हास्य कलाकार हरबंस अरोड़ा ने। अरोड़ा जब तक मंच पर पंडाल में तक ठहाके गुंजते रहे। तत्पश्चात कंचन शर्मा ने कोठे ते खड़ो माईया और अन्य कई गीत सुनाए। वहीं वायस ऑफ हिमालय श्रेया शर्मा ने कई सुंदर गीत सुनाकर वाहवाही बटोरी।
गायक कलाकारों ने लूटी वाहवाही
मुख्यातिथि ने की 11 हजार देने की घोषणा
उत्सव के समापन पर सीपीएस राजेश धर्माणी ने कहा कि यह मंच ऋषि व्यास जी को एक श्रद्धांजलि है औरबच्चों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने का बेहतर मंच भी है। उन्होंने समिति को अपनी ओर से 11 हजार की राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, उपाध्यक्ष अविनाश कपूर, नरेश टंडन, राज वर्मा, निशांत, अंकुर, विभोर, अश्वनी, राजकुमार व अन्य भी उपस्थित थे।