पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बचत भवन में हुई जनसुनवाई पर मेयर को घेरा

बचत भवन में हुई जनसुनवाई पर मेयर को घेरा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - शिमला
नगर निगम की विशेष हाउस में यूनिट एरिया मेथड को लेकर हुई बैठक में जमकर राजनीति हुई। कांग्रेस और भाजपा पार्षदों ने इस मुद्दे पर आक्रामक रूख अपनाते हुए मेयर और डिप्टी मेयर की खूब घेराबंदी की। उनका कहना था कि पहले मेयर यूनिट एरिया मेथड पर अपनी राय रखें। बचत भवन में हुई जन सुनवाई के दौरान आम लोगों द्वारा मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षदों से इस्तीफा मांगने से कांग्रेस पार्षद सुशांत कपरेट खफा हो गए। उन्होंने कहा कि मुट्ठी भर लोगों को इस्तीफा मांगने का अधिकार नहीं है। मेयर ने जब यूनिट एरिया मेथड का विरोध किया तो भी कुछ पार्षद यह कहने लगे कि सरकार के पास इसे नहीं भेजना चाहिए। सदन की कार्रवाई 11 बजे शुरू हुई। इसमें सबसे पहले छोटा शिमला के पार्षद सुरेंद्र चौहान ने इस कर प्रणाली को बेहद पेचीदा बताते हुए कहा कि इसमें बहुत सी कमियां है। उन्होंने कहा कि इस कर प्रणाली को वे समझ नहीं पाए हैं और न ही निगम प्रशासन को भी इसके बारे में पूरी जानकारी है, जिससे लोगों में निगम प्रशासन और पार्षदों की फजीहत हो रही है। इसके बाद एक के बाद एक पार्षदों ने सदन के सामने यूनिट एरिया मेथड के खिलाफ अपनी आपत्तियां बताई और इसे लागू न करने की मांग भी की।
सीवरेज प्रोजेक्ट के लिए 170 करोड़ की डीपीआर तैयार
शहर के सभी क्षेत्रों को सीवरेज सुविधा से जोडऩे के लिए निगम प्रशासन ने 170 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार की है। जेएनएनयूआरएम प्रोजेक्ट के तहत सीवरेज प्रोजेक्ट के लिए यह राशि प्राप्त होगी। इस प्रोजेक्ट के तहत जिन क्षेत्रों को अभी तक सीवरेज सुविधा से नहीं जोड़ा गया हैं वहां पर सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में जो सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं उन्हें भी बदला जाएगा। निगम प्रशासन की ओर से इस प्रोजेक्ट की डीपीआर यूनिट एरिया मेथड के लिए रखे गए स्पेशल हाउस में प्रस्ताव के रूप में रखी गई। इसमें सभी पार्षदों ने इसे ध्वनि मत से पास कर दिया है। अब निगम प्रशासन इस डीपीआर को अर्बन डेवल्पमेंट के डायरेक्टर के पास अप्रूवल के लिए भेजेंगे।