दोपहर बाद नहीं मिलते विशेषज्ञ डॉक्टर
भास्कर न्यूज - शिमला
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद भी आईजीएमसी में कई विशेषज्ञ डॉक्टर दोपहर बाद ओपीडी में नहीं बैठ रहे। इस कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मरीज विशेषज्ञ डॉक्टरों के आने का इंतजार करते हैं। जब वह नहीं आते हैं तो मरीजों को दूसरे दिन फिर से उपचार के लिए आना पड़ता है।
आईजीएमसी के प्रिंसिपल एसएस कौशल ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अगले दिन ही सभी विभागों को यह आदेश जारी कर दिए थे, लेकिन कई विभागों के हैड ऐसे आदेशों के मिलने से अनभिज्ञता जाता रहे हैं। कई विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बैठना शुरू कर दिया है, लेकिन अभी कई ऐसे विशेष भी हैं जो सीएम के निर्देशों को भी नजर अंदाज कर रहें है।
आईजीएमसी के प्रिंसिपल एसएस कौशल ने बताया कि इन निर्देशों को लेकर सर्कुलर जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर समय समय पर जांच की जाएगी, जो डॉक्टर दोपहर बाद अपनी ओपीडी में नहीं मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निर्देशों की अवहेलना पर कार्रवाई होगी
यह दिए थे निर्देश
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 15 जनवरी को आईजीएमसी में आधुनिक सेवाओं के उद्घाटन के दौरान निर्देश दिए थे कि अस्पताल के सभी विशेषज्ञ डॉक्टर दोपहर के बाद भी ओपीडी में बैठेंगे। आईजीएमसी में प्रदेश भर से हजारों मरीज अपने उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में कई बार मरीज दोपहर के बाद ही अस्पताल में पहुंचता है। इसलिए सभी विशेषज्ञ डॉक्टर दोपहर बाद भी अपनी ओपीडी में बैठेंगे। मंगलवार को अस्पताल प्रशासन को सरकार ने लिखित निर्देश भी दे भेज दिए है।