- Hindi News
- विवि प्रशासन के खिलाफ कर्मचारियों ने की नारेबाजी
विवि प्रशासन के खिलाफ कर्मचारियों ने की नारेबाजी
भास्कर न्यूज - शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में गैर शिक्षक कर्मचारी समन्वय समिति का आंदोलन 14वें दिन में प्रवेश कर गया है। वीरवार को शून्य डिग्री तापमान होने के बावजूद भी कर्मचारियों ने अपना आंदोलन जारी रखा। कैंपस में कर्मचारियों ने पहले तो गेट मीटिंग की, उसके बाद प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समिति का कहना है कि प्रशासन यह मान रहा है कि उनकी मांगें जायज है, लेकिन इसे पूरा करने में आगे नहीं आ रहा है। समिति के अध्यक्ष हितेश्वर ठाकुर का कहना है कि गैर शिक्षकों के 565 पद रिक्त पड़े हुए है। इन पदों को भरने के लिए अभी तक कोई प्रयास नहीं हुआ है।
सरकार के सामने भी प्रशासन ने पदों को भरने के लिए कोई मांग नहीं रखी है। ऐसे में दिन प्रतिदिन कर्मचारियों पर काम का बोझ पड़ता जा रहा है। रिजल्ट बनाने के दौरान कर्मचारी 18 से 20 घंटे ड्यूटी करता है। उनका कहना है कि कुलपति ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जो उनके स्तर पर मांगें है, उसे पूरा किया जाएगा, लेकिन अभी तक अधिकारी वर्ग की ओर से इस पर काम नहीं हुआ है।
मांगों पर अड़े रहे कर्मचारी
ईसी के फैसलों को लागू करने को लेकर कर्मचारी अड़े हुए है।
इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के समय पेंशन में सचिवालय भत्ते का लाभ प्रदान करना, सभी श्रेणियों के कर्मचारियों को क्रम पदोन्नति प्रदान करना, गैर शिक्षक कर्मचारियों की विभिन्न श्रेणियों मे रिक्त पड़े पदों को भरना, विश्वविद्यालय बजट में
बढ़ोतरी के साथ-साथ अतिरिक्त अनुदान राशि बढ़ाए, पेंशन कोर निधि को सुदृढ़ करना, आउटसोर्सिंग प्रणाली को रद करना, सूचना के अधिकार एवं कानूनी मामलों के निदान हेतु अलग प्रकोष्ठ बनाना, गैर शिक्षक कर्मचारियों की विभिन्न श्रेणियां में अतिरिक्त पदों को सृजित करना, संयुक्त कुलसचिव एवं अतिरिक्त कुलसचिव के पदों को बढ़ाया जाए, विश्वविद्यालय की शाखाओं एवं विभागों को कंप्यूटरीकृत करना, भर्ती एवं नियमितीकरण समिति की बैठक नियमित रूप से करवाना, भर्ती एवं पदोन्नति के नियम बनाने हेतु कदम उठाए, जैसी मांगों को लेकर भी कर्मचारी आंदोलन पर है।
प्रदेश विश्वविद्यालय सेवानिवृत कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया कि उन्हें महंगाई भत्ता नहीं दिया जा रहा है। संघ के अध्यक्ष ओपी चौहान का कहना है कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2006 से पहले सेवानिवृत कर्मचारियों को संशोधित पैंशन अगस्त 2013 से देना आरंभ कर दिया है, लेकिन यूनिवर्सिटी यह लाभ अपने पैंशन भोगियों को ये वित्तीय लाभ नहीं दे रहा है। उनका कहना है कि वह इस संबंध में जल्द ही एक आपातकालीन बैठक होगी।
मिल रहा महंगाई भत्ता
एचपीयू में कर्मचारियों को संबोधित करते गैर शिक्षक कर्मचारी समिति के अध्यक्ष हितेश्वर ठाकुर।
आंदोलन - एचपीयू में पिछले १४ दिनों से आंदोलन कर रहे हैं कर्मचारी