आग लगने से 30 हजार का नुकसान
शिमला - ईदगाह कॉलोनी में स्थित एक क्वार्टर में वीरवार शाम अचानक आग भड़क गई। आगजनी से इस क्वार्टर में रखा टीवी, बैड आदि जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड के अनुसार कुल 30 हजार रुपए का सामान जला है। यह क्वार्टर मोहम्मद आसिफ का है जो खुद कारपेंटर का काम करता है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम करीब सवा पांच बजे अचानक इस क्वार्टर से धुआं उठने लगा। जब लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि इसके अंदर रखा हुआ सामान पूरी तरह से जल चुका था। बाद में लोगों ने पानी से आग पर काबू पाने की कोशिश की। कुछ लोगों ने फायर ब्रिगेड को भी इसकी सूचना दी। मालरोड से दमकल की एक टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। बाद में लोगों ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर क्वार्टर में रखे गैस सिलेंडर और दूसरा सामान भी बाहर निकाल लिया। दमकल केंद्र के अनुसार प्रारंभिक निरीक्षण में शार्ट सर्किट से आग लगना पाया जा रहा है।