पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • रिज पर सब मिलकर बोले गणतंत्र की ‘जय हो’

रिज पर सब मिलकर बोले गणतंत्र की ‘जय हो’

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - शिमला
गणतंत्र दिवस पर रिज मैदान देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा। रविवार को गणतंत्र दिवस पर शिमला में सेना, आईटीबीपी और पुलिस के जवानों ने मार्चपास्ट कर राज्यपाल उर्मिला सिंह को सलामी दी। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू हुआ। राज्यपाल उर्मिला सिंह ने राष्ट्रध्वज फहराने के बाद परेड की सलामी ली। परेड कमांडर मेजर अमोल धूमल की अगुवाई में सेना की राजपूत रेजीमेंट सबसे पहले सलामी मंच की ओर से गुजरी। इसके बाद आईटीबीपी, सशस्त्र बल, सेना पाइप बैंड ने सलामी दी। इसके बाद प्रथम सशस्त्र वाहिनी पुलिस, शिमला जिला पुलिस, प्रदेश यातायात पुलिस,्र पुलिस बैंड, होमगार्ड की टुकड़ी, अग्निशमन सेवा दल, पूर्व सैनिक टुकड़ी, एनएसएस के स्वयं सेवक, गृह रक्षक स्कीयंग दल, घुड़सवार पुलिस, कारागार एवं सुधारात्मक विभाग, एंटी टैंक गाइडिड मिसाइल, 81 एमएम मोर्टार, मशीनगन, बैटल फील्ड सर्विलेंस राडार एवं मल्टी ग्रेनेट लांचर और 40 एमएम मल्टीशेट ग्रेनेड लांचर और पुलिस दंगा नियंत्रण वाहन सलामी मंच से गुजरे।




सभी फोटो: अजय भाटिया

चंबा की रौनक

हैप्पी रिपब्लिक-डे

लेफ्ट राइट लेफ्ट

हम भी हैं जोश में

शिमला की नाटी

मंडी की जुगलबंदी

हिम ऊर्जा की झांकी

ऊना से आए

कराटे स्टंट

किन्नौरी कलाकार

शिमला में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस को देखने के लिए उमड़े शिमलावासी। स्थानीय लोगों में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने के लिए गजब का उत्साह भरा था।

गणतंत्र दिवस पर परेड में रविवार को भाग लेते स्काउट एंड गाइड। परेड में आईटीबीपी और पुलिस के जवानों ने भी राज्यपाल उर्मिला सिंह को सलामी दी।

गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने जाते मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, मेयर संजय चौहान आदि।

झांकियों में दिखा हिमाचल का विकास

रिज मैदान पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों ने झांकियां भी निकाली। सबसे पहले पर्यटन विभाग की झांकी निकाली गई। इसमें भीमाकाली माता के भव्य मंदिर के दर्शन करवाए गए। हिम ऊर्जा की झांकी, कृषि विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, नगर निगम, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, वन विभाग, उद्योग विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, कारागार एवं सुधारात्मक विभाग, विद्युत परिषद, पशुपालन विभाग, उद्यान विभाग, प्रदेश पुलिस की झांकी भी निकाली गई। सभी झाकियां में प्रदेश में हो रहे विकास कार्य को प्रमुखता से दिखाया गया।

सांस्कृतिक दलों ने दी प्रस्तुतियां

लोक सांस्कृतिक दलों ने भी रिज मैदान पर विभिन्न परिधानों में सुसज्जित होकर प्रस्तुतियां दी। सबसे पहले लोक सांस्कृतिक दल चंबा के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने पारंपरिक अंदाज में ‘चंबा आर की नदियां पार, आवो लाल रंगी हो’ गाने पर नृत्य किया। दूसरे नंबर पर लोक सांस्कृतिक दल बिलासपुर ने प्रस्तुति दी। लोक सांस्कृतिक दल सिरमौर, लोक सांस्कृतिक दल मंडी, कांगड़ा, सोलन, शिमला, कुल्लू, हमीरपुर और किन्नौर के लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां देकर समा बांधा।



कराटे और योग का भी प्रदर्शन

युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से कराटे प्रदर्शन भी किया गया। खिलाडिय़ों ने कराटे कोच की अगुवाई में विभिन्न प्रकार के डेमो प्रदर्शन किए। इसी तरह योग की विभिन्न क्रियाएं भी छात्र छात्राओं ने की। सम्मान गार्द रत्तन सिंह नेगी थे, इसके अलावा एसपी शिमला अभिषेक दुल्लर, जिला उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा, एडीसी डीडी शर्मा और नगर निगम आयुक्त अमरजीत सिंह भी मौजूद थे।

गणतंत्र दिवस - सेना, आइटीबीपी और पुलिस के जवानों ने मार्च पास्ट कर राज्यपाल को दी सलामी, कलाकारों ने दिखाए लोकनृत्य