- Hindi News
- वक्कामुला ने जेटली, अनुराग व अरुण के खिलाफ मानहानि का दावा किया
वक्कामुला ने जेटली, अनुराग व अरुण के खिलाफ मानहानि का दावा किया
भास्कर न्यूज - शिमला
तारिणी ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीईओ वक्कामुला चंद्रशेखर ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली, भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अनुराग ठाकुर व अरुण धूमल के खिलाफ 3 करोड़ रुपए का मानहानि दावा किया है। दिल्ली हाईकोर्ट में दायर किए गए मामले में कहा है कि उनकी कंपनियों के खिलाफ चलाए गए भ्रामक प्रचार की वजह से नुकसान हुआ है। दिल्ली हाईकोर्ट में दायर याचिका पर न्यायालय ने तीनों से तीन सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है।
उनका कहना है कि भाजपा नेताओं की ओर से चलाए गए भ्रामक प्रचार के कारण मान-सम्मान के साथ व्यवसाय को भारी नुकसान पहुंचा है। इस कारण कंपनी के शेयरों का मूल्य तेजी से गिरा है। व्यवसाय को लेकर विदेशी ग्राहकों को कई तरह से सफाई देनी पड़ रही है। पिछले साल अक्टूबर 2012 में एचपीसीए के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर व उनके छोटे भाई अरुण धूमल ने आधारहीन आरोप लगाए थे। दोनों भाईयों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनके परिजनों के खिलाफ मुहिम चलाई। वक्कामुला के न्यायालय जाने से पहले मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने तीन मानहानि के मामले दायर किए थे।
याचिका में आरोप
न्यायालय में दायर याचिका में कहा है कि तीनों भाजपा नेताओं ने गैर कानूनी तरीके से कंपनी के बैंक खातों को सार्वजनिक किया गया। बेवजह कंपनी की इनकम टैक्स रिटर्न का मामला भी उछाला गया था। किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी सार्वजनिक करना अपराध है। यह जानकारी एवं दस्तावेज कांग्रेस के विराज शर्मा ने दी है।
वक्कामुला चंद्रशेखर बोले, भ्रामक प्रचार से उनकी कंपनी को हुआ नुकसान