छोटा शिमला: कार में पकड़ी नशीली दवाएं
भास्कर न्यूज - शिमला
छोटा शिमला के साथ लगते हिमफैड पेट्रोल पंप के पास सोमवार शाम पुलिस ने एक मारुति कार से नशीली दवाएं बरामद कर लीं। तलाशी के दौरान पुलिस ने कार में रखी 102 नशीली दवा की शीशियां कब्जे में ले ली। बाद में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार यह कार सोलन से संजौली की ओर जा रही थी। इसमें सोलन के रहने वाले रजत कुमार और बलविंद्र सवार थे।
दोपहर करीब सवा तीन बजे जैसे ही दोनों छोटा शिमला से होते हुए हिमफैड पेट्रोल पंप के पास पहुंचे कि यहां तैनात ट्रैफिककर्मी ने इन्हें रोक लिया।
अभी ट्रैफिककर्मी इनसे पूछताछ ही कर रहा था कि इसकी नजर कार में रखी नशीली दवाओं की बोतलों पर पड़ गई। बाद में इसने कार को सड़क किनारे खड़ा करवा दिया। छोटा शिमला से पुलिस की एक टीम भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। यहां से पुलिस दोनों युवकों को थाने ले आई। इनसे देर शाम तक पूछताछ होती रही। युवकों के पास ये नशीली दवाएं कहां से आईं और ये इन्हें कहां ले जा रहे थे। इसका पता आगामी जांच में चल जाएगा। डीएसपी सिटी पंकज शर्मा का कहना है कि दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
:दो युवकों को लिया गया हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी कहां से लाए