पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • विप्लव का राज्यसभा में पहुंचना तय

विप्लव का राज्यसभा में पहुंचना तय

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - शिमला
राज्यसभा के लिए विप्लव ठाकुर की जीत घोषित होने में महज औपचारिकता रह गई है। विपक्ष की ओर से किसी नेता को मैदान में नहीं उतारने के कारण विप्लव की जीत का रास्ता साफ हो गया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से उनकी सदस्यता की घोषणा 31 जनवरी को होगी। सत्तारूढ़ कांग्रेस की ओर से विप्लव ठाकुर का नामांकन पत्र भरा गया। इसके अलावा किसी दूसरे दल की ओर से नामांकन दाखिल नहीं किया गया। मंगलवार को दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विप्लव ठाकुर का नामांकन पत्र भरवाया।
विधानसभा सचिव सुंदर सिंह वर्मा को नामांकन पत्र की प्रति सौंपी गई। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, परिवहन मंत्री जीएस बाली, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया सहित सीपीएस राजेश धर्माणी, नंद लाल, विधायक आशा कुमारी, अनिरुद्ध सिंह, संजय रतन मौजूद थे।




रेलवे विस्तार के लिए लड़ाई लड़ूंगी : विप्लव

नामांकन पत्र भरने के बाद विप्लव ठाकुर ने कहा कि राज्य में रेलवे विस्तार को लेकर राज्यसभा में मेरा पूरा फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपेक्षानुसार रेल विस्तार नहीं हो पाया है। जब मैं पहले राज्यसभा में सांसद थी तो इस मामले को उठाती रही हूं। अब भी रेलवे विस्तार का मामला प्राथमिकता में रहेगा। ऐसा नहीं है कि मैं अकेली रेलवे के मामले में चिंतित नहीं थी। प्रदेश के दूसरे सांसद भी इस मांग को हर प्लेटफार्म पर उठाते रहे हैं। दूसरा प्रयास ये रहेगा कि औद्योगिकीकरण को कैसे बढ़ावा दिया जाए। इसके लिए भी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बर्फबारी व बरसात की वजह से होने वाले नुकसान के लिए अलग से बजट होना चाहिए। बार-बार प्रदेश को सहायता राशि के लिए मामला न उठाना पड़े। प्रदेश में हर साल आपदा आती है और सरकार को नुकसान होता है। ऑफ सीजन वेजीटेबल उत्पादन के लिए नीति निर्धारण, टूरिज्म को किस तरह से बढ़ाया दिया जाए। इन मामलों में एयर सर्विस के लिए प्रयास होने चाहिए।

सबका समर्थन

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का कहना है कि विप्लव ठाकुर के नामांकन का कांग्रेस के सभी सदस्यों ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान का यह निर्णय सराहनीय है।

दूसरी बार नहीं दिया प्रत्याशी

विपक्ष ने कांग्रेस प्रत्याशी विप्लव ठाकुर के खिलाफ प्रत्याशी नहीं दिया। इससे पहले 2006 में भी भाजपा ने विप्लव के खिलाफ कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा था।

दलगत स्थिति

विधानसभा में दलगत अंक गणित इस प्रकार है। सत्तारूढ़ कांग्रेस के 36 विधायक हैं, जबकि विपक्षी भाजपा के 26 विधायक हैं। इसके अलावा एक विधायक हिलोपा का है व 5 निर्दलीय विधायक हैं।

10 अप्रैल को जाएंगी राज्यसभा

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राज्यसभा का चुनाव दो महीने पहले हुआ। अभी मौजूदा राज्यसभा सांसद शंाता कुमार का कार्यकाल 9 अप्रैल 2014 तक है। इसके बाद 10 अप्रैल को विप्लव ठाकुर राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण कर सकती हैं।



राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करती विप्लव ठाकुर

नामांकन - मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विप्लव ठाकुर का नामांकन पत्र भरवाया