- Hindi News
- चार दुकानों में लगी आग, जितना बच सका बचाया
चार दुकानों में लगी आग, जितना बच सका बचाया
भास्कर न्यूज - शिमला
एजी ऑफिस में लगी आग अभी बुझी नहीं थी कि एकाएक लोअर बाजार में भी आग भड़क गई। वाइन शॉप से लगी इस आग ने कुछ मिनटों में ही तीन अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया। जब तक फायर ब्रिगेड आग पर काबू पाती तब तक 20 लाख से ज्यादा का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब दो बजे गंज बाजार रोड पर स्थित वाइन शॉप में आग लग गई। आग की लपटे देख कारोबारियों में अफरा तफरी मच गई। कई कारोबारी दुकानों से सामान बाहर निकालने लगे। कुछ कारोबारियों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल केंद्र को दी। अभी दमकल की सभी गाडिय़ां एजी ऑफिस के पास ही डटी थी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके की ओर रवाना हुए। लेकिन डीसी ऑफिस से लेकर गंज बाजार तक पहुंचने में 20 मिनट से ज्यादा का समय लग गया। बाजार में तहबाजारियों और दुकानदारों के अवैध अतिक्रमण के चलते दमकल की बड़ी गाड़ी को मौके पर पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसी बीच आग ने रेडीमेड कपड़े, एक वैद्य और राशन की दुकान को भी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने पानी से आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन दुकानों के भीतर लगी आग नहीं बुझ पाई।बाद में कर्मियों को कई दुकानों की छत उखाडऩी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे बाद जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
दो साल पहले भी लगी थी
लोअर बाजार में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। जिन दुकानों में मंगलवार को आग लगी, उनके साथ लगती दूसरी दुकानों में दो साल पहले ही आग लगी थी। वर्ष 2012 में चार दुकानें जलकर राख हो गई थी। उस समय भी दमकल को यहां पहुंचने में दिक्कत हुई थी। इसके बावजूद जिला प्रशासन और नगर निगम ऐसे इंतजाम नहीं कर पा रहा है जिससे तुरंत फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां मौके पर पहुंच सके।
अतिक्रमण न होता तो एक मिनट में पहुंचती फायरब्रिगेड, पढ़ें पेज ३ पर
आग - लोअर बाजार में दोपहर को एक दुकान में आग लगी लेकिन उस पर जब तक काबू पाया जाता उसने तीन और दुकानों को चपेट में ले लिया
आग के कारण हुए नुकसान पर विलाप करती महिला और चिंतित कारोबारी। सभी फोटो अजय भाटिया
आग के दौरान दुकानों से सामान निकालते वक्त भगदड़ सा माहौल बन गया था।
आग के दौरान दुकान से सामान निकालते लोअर बाजार के दुकानदार।
लोअर बाजर में मंगलवार दोपहर में आग भड़क गई। इससे कई दुकानें जलकर राख हो गई। रास्तों में अतिक्रमण न होता तो फायरब्रिगेड समय पर पहुंच पाती।
इन्हें पहुंचा नुकसान
दयाल कुमार की वाइन शॉप में आगजनी से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। यहां करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। लकड़ी से बनी इस दुकान में शार्ट सर्किट से आग भड़कने का अंदेशा जताया जा रहा है। साथ लगती रामदास सालिगराम की करियाने की दुकान भी आग की चपेट में आई। यहां करीब दो लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा विकास सूद की रेडीमेड कपड़ों की दुकान में भी पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। एक वैद्य की दुकान भी जली है जिसमें दो लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। आग पर काबू पाते वक्त दमकल के पांच कर्मी भी जख्मी हुए हैं।
रोहड़ू: फ्रिउंकोटी गांव में दो मंजिला मकान जला
आग की लपटों से अफरातफरी
आग बुझाने के प्रयास में पांच दमकलकर्मी जख्मी
चार दुकानों में करीब 20 लाख के नुकसान का अनुमान
बाजार में अतिक्रमण से आग बुझाने में आई दिक्कत
दोपहर दो बजे वाइन शॉप से भड़की आग