दो रुपए के लिए नोच लिया कंडक्टर का कान
शिमला - लोअर खलीणी में मंगलवार दोपहर किराए को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने प्राइवेट बस के कंडक्टर का कान नोच लिया। बाद में बस में सवार दूसरे लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार यह प्राइवेट बस दोपहर करीब 12 बजे पंथाघाटी से शिमला के लिए रवाना हुई। इसी दौरान देवेंद्र कुमार नाम का टैक्सीचालक भी शिमला के लिए बस में सवार हो गया। जैसे ही बस लोअर खलीणी पहुंची कि कंडक्टर मुकेश कुमार ने इससे किराया मांग लिया। कंडक्टर ने बताया कि किराया दस रुपए लगेगा लेकिन टैक्सीचालक आठ रुपए किराया देने लगा। इसका कहना था कि वह इससे ज्यादा पैसे नहीं देगा। इसके बाद आरोपी और कंडक्टर के बीच कहासुनी हो गई। कंडक्टर का कहना था कि उसे दो रुपए देने ही होंगे। आरोपी चालक ने दांत से कंडक्टर का कान नोच लिया जिससे कान का कुछ हिस्सा पूरी तरह से कट गया। इसी बीच बस में सवार दूसरे लोगों ने आरोपी को काबू किया। इसी बीच लोगों ने भी आरोपी की खूब धुनाई की। एसपी अभिषेक दुल्लर का कहना है कि आरोपी पर केस दर्ज कर लिया गया है।