- Hindi News
- सदन आज पास करेगा पार्षदों के गुजरात टूअर का खर्चा
सदन आज पास करेगा पार्षदों के गुजरात टूअर का खर्चा
भास्कर न्यूज - शिमला
नगर निगम की मासिक बैठक बुधवार को होगी। पार्षदों के स्टडी टूअर में हुए ३ लाख के खर्चे के भुगतान का मुद्दा भी निगम की बैठक में रखा गया है। वहीं निगम की पार्किंगों में होमगार्ड के जवान तैनात करने सहित कई मुद्दों पर बैठक में चर्चा होगी। निगम प्रशासन इस मामले में टेंडर भी मांग चुका है। बैठक में कूड़ा उठा रहे निजी वाहनों में नगर निगम लिखे जाने के मुद्दे पर भी हंगामा होगा।
अक्टूबर में खर्च आए थे ३ लाख
निगम के कांग्रेस, भाजपा और माकपा के कई पार्षद अक्तूबर माह में गुजरात के टूअर पर गए थे। निगम ने उस वक्त बिना हाउस की मंजूरी के ३ लाख खर्च कर दिए थे। स्टडी टूअर में गए कांग्रेस, माकपा और भाजपा पार्षदों ने उस वक्त दलील दी थी कि टूअर का खर्चा गुजरात सरकार देगी। गुजरात सरकार ने निगम को सिर्फ ८८ हजार रुपए दिए। निगम कमिश्नर ने बिना हाउस की मंजूरी के तीन लाख खर्च कर डाले थे। निगम प्रशासन तीन माह पूर्व खर्च की गई इस राशि को पास करने के लिए सदन से मंजूरी लेगा। स्टडी टूअर में कांग्रेस, माकपा और भाजपा तीनों दलों के सदस्य गए थे। ऐसे में यह प्रस्ताव आसानी से पास हो जाएगा।
कूड़ा डंप करने का भी विवाद
कुछ दिन पहले जंगल में कूड़ा डंप कर रहे एक वाहन के पकड़े जाने का मामला कांग्रेस पार्षद शशि शेखर चीनू ने उठाया है। पार्षद ने पूछा है कि निगम ऐसे वाहनों पर क्या कार्रवाई करता है। कूड़ा उठाने वाले वाहन का ताल्लुक एक भाजपा पार्षद से होने के कारण कांग्रेस इस मुद्दे को जोरशोर से उठा रही है। लालपानी अकादमी को लेकर जब विवाद हुआ था उस वक्त कांग्रेस के कई पार्षद डिप्टी मेयर के पक्ष में खड़े थे।
:निगम की बैठक में हंगामे के आसार, पार्किंग मामला भी उछलेगा