- Hindi News
- ट्रैफिक बढ़ रहा, कार्ट रोड पर बनाया जाए ओवर ब्रिज
ट्रैफिक बढ़ रहा, कार्ट-रोड पर बनाया जाए ओवर ब्रिज
भास्कर न्यूज - शिमला
शिमला के भाजपा विधायक सुरेश भारद्वाज का कहना है कि शहर के कार्ट-रोड पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक से पैदल चलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में कार्ट-रोड पर पोर्टमोर स्कूल से नीचे सड़क तक ओवर ब्रिज बनना चाहिए। इसी तरह से टूटीकंडी बाईपास, एजी ऑफिस को जाने वाले मार्ग तक, संजौली चौक, लक्कड़ बाजार में ओवर ब्रिज समय की जरूरत है। ओवर ब्रिज छात्रों के लिए सुरक्षित पैदल चलने का मार्ग होगा। ओवर ब्रिज की मांग के अतिरिक्त शहर के
लिए होने वाली पानी की सप्लाई के लिए नई मशीनरी खरीदने का मामला उठाया।
अलग हैं प्राथमिकताएं
योजना सलाहकार को दी गई प्राथमिकताओं को विधायक सुरेश भारद्वाज ने दूसरे विधानसभा क्षेत्रों से अलग बताया। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्राथमिकताएं अलग हैं, जबकि राजधानी की अलग। अगले वित्त वर्ष के लिए दी गई 9 प्राथमिकताओं के लिए बजट प्रावधान करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि शहर का तेजी से विस्तार हो रहा है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाना जरूरी होता जा रहा है। उनका कहना है कि मेरी प्राथमिकताओं पर शीघ्रता से काम शुरू किया जाए ताकि शहरवासियों की समस्याओं का समाधान हो सके। शहर को पेयजल की सप्लाई अश्वनी खडड़ से होती है और इसकी पंपिंग मशीनें व राइजिंग मेन किसी भी समय ठप हो सकता है। पुरानी मशीनरी को यथाशीघ्र बदलने की जरूरत है।
बैमलोई के पास बस की टक्कर में एक घायल
शिमला. बैमलोई के पास मंगलवार दोपहर एक मोटर साइकिल और एचआरटीसी बस में टक्कर हो गई। हादसे में मोटर साइकिल सवार को चोटें लग गई। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिल सवार अमरचंद हिमलैंड की ओर से शिमला आ रहे थे। यह रेलवे विभाग से रिटायर हुए हैं। जैसे ही बैमलोई के पास एक प्राइवेट बस से ओवरटेक करने लगे कि सामने से आ रही एचआरटीसी बस से टक्कर हो गई। इससे अमरचंद की टांग फ्रैक्चर हो गई। जख्मी हालत में अमरचंद को आईजीएमसी ले जाया गया। हादसे में दोनों चालकों की लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार अमरचंद और एचआरटीसी चालक संजय शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मांग - विधायक ने 9 प्राथमिकताओं के लिए बजट में प्रावधान करने की मांग
ये हैं शहर के लिए प्राथमिकताएं
- शहर के लिए कोल डैम से पेयजल पहुंचाने की योजना शुरू की जाएं। दूसरी पेयजल योजना पब्बर नदी से शुरू की जाए। इसके लिए विश्व बैंक से आर्थिक सहायता प्राप्त करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा जाए।
- कूड़ा संयंत्र भरयाल में शिफ्ट किया गया है, ऐसे में सब्जी मंडी व अनाज मंडी को दाडऩी का बगीचा में शिफ्ट किया जाए।
- पर्यटन को मद्देनजर रखते हुए शहर में केवल कार रोप-वे परिवहन की नई प्रणालियों का प्रावधान किया जाए।
- आधुनिक जमाने में समय की कमी को देखते हुए शहर में तीन सुरंगों की डीपीआर बनी हुई है, अब सुरंगों का निर्माण करने के लिए धनराशि का प्रबंध किया जाए।
- सेवारत कर्मचारियों को आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए नए मकानों का निर्माण किया जाए व पुराने भवनों की मरम्मत हो।
- खलीनी व लालपानी बार्ड में लोगों के लिए नागरिक औषधालय या पीएचसी बनाए जाएं।
- लालपानी व पोर्टमोर स्कूलों को आदर्श विद्यालय का दर्जा दिया जाए। इसके साथ टूटीकंडी व अनाडेल स्कूलों को सीनियर सेकेंडरी का दर्जा दिया जाए।
- पार्किंग की समस्या का समाधान निकालने के लिए सभी बार्डो में पार्किंग निर्माण किया जाए।