‘बागवान पंजीकृत नर्सरी से खरीदें पौधे’
कोटखाई - भारी बर्फबारी के बाद अपर शिमला के जुब्बल कोटखाई, रोहडू, कुमारसैन, चौपाल सहित ऊपरी शिमला के बागवानों ने अब पौधे रोपने का कार्य शुरू कर दिया है। ऐसे में उद्यान विभाग ने बागवानों को सचेत किया है कि वे पंजीकृत नर्सरी के ही पौधे खरीदें। उद्यान विभाग ने बागवानों को आगाह करते हुए कहा कि बागवान गैर पंजीकृत नर्सरी से पौधे खरीदने की गलती न करें क्योंकि गैर पंजीकृत नर्सरी से पौधों को खरीदना बागीचों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में पौधों से बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है। विभाग रूट स्टाक सहित सेब और अन्य फलदार पौधे उपलब्ध करवा रहा है। उद्यान विकास अधिकारी कोटखाई डॉ. जगदीश शर्मा का कहना है कि कोटखाई में 34 नर्सरियां पंजीकृत हैं। बागवान इन नर्सरियों से पौधे खरीद सकते हैं।