पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • डॉक्टरों ने फिर कहा वेतनमान, पीजी सीटें बढ़ें

डॉक्टरों ने फिर कहा वेतनमान, पीजी सीटें बढ़ें

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - शिमला
हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन की राज्य स्तरीय बैठक बुधवार को रिपन अस्पताल में हुई। इसमें प्रदेश भर से आए एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान एसोसिएशन ने मेडिकल ऑफिसर्स की विभिन्न मांगों पर चर्चा की। इनमें तदर्थ, अनुबंध और आरकेएस डॉक्टरों को मेडिकल ऑफिसर्स के साथ 4-9-14 का फायदा देने, पीजी की सीटें बढ़ाने और डीपीसी के जरिए खाली पदों को भरने जैसी मांगों पर लंबी चर्चा की गई। इसके बाद फैसला लिया गया कि इन मांगों को स्वास्थ्य सचिव के समक्ष उठाया जाएगा। साथ ही सरकार को भी इस बारे में रिपोर्ट भेज कर इन मांगों को पूरा करने की मांग
की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संतलाल शर्मा ने कहा कि बैठक के दौरान चार मुख्य मांगें सामने आई हैं जिनके बारे में स्वास्थ्य सचिव को अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले भी इन मांगों को उठाया जा चुका है और एसोसिएशन उम्मीद करती है कि इन पर अब सकारात्मक पहल होगी। बैठक में शिमला ब्रांच के अध्यक्ष डॉ. मोक्टा, महासचिव डॉ. अशोक चौहान, हमीरपुर ब्रांच के अध्यक्ष डॉ. कालिया, महासचिव डॉ. जगोता, एसोसिएशन के प्रेस सचिव सुशील शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. यशपाल रांटा आदि मौजूद रहे।




:इन्हें भी मिले 4-9-14 का फायदा

मेडिकल ऑफिसर्स के साथ-साथ तदर्थ, अनुबंध और आरकेएस सेवाओं के तहत आने वाले डॉक्टरों को भी 4-9-14 के तहत वेतनमान जारी किया जाना चाहिए। मेडिकल ऑफिसर्स समेत करीब 300 ऐसे डॉक्टर हैं जिन्हें इसका फायदा मिलना चाहिए। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. यशपाल रांटा ने कहा कि इस बारे में सरकार से बात की जाएगी।

: डीपीसी से भरे जाएं खाली पद

एसोसिएशन चाहती है कि डायरेक्टर हेल्थ सर्विस, ज्वाइंट डीएचएस, सीएमओ, डिप्टी डायरेक्टर और बीएमओ आदि में से ज्यादातर पद जो पिछले एक साल से खाली पड़े हैं, उन्हें भरने के लिए रेग्युलर डीपीसी की जानी चाहिए। इस समय संयुक्तस्वास्थ्य निदेशक समेत कई सीएमओ के पद खाली पड़े हैं। एसोसिएशन के महासचिव डॉ. जीवानंद चौहान ने कहा कि एसोसिएशन सरकार से डिमांड करेगी कि वरिष्ठता के लिए लोक सेवा आयोग के आधार पर मापदंड बनाए जाएं।

: पीजी की सीटें 80 फीसदी तक बढ़ाई जाएं

रेग्युलर मेडिकल ऑफिसर्स के लिए पोस्ट ग्रेजुएशन की सीटें भी 80 प्रतिशत करने की मांग की गई है। अभी प्रदेश में कुल सीटों में से 66 फीसदी सीटें इनके लिए आरक्षित हैं। लेकिन अब इनमें आरकेएस समेत दूसरी श्रेणियां भी शामिल की गई हैं। प्रेस सचिव डॉ. सुशील शर्मा ने कहा कि यह कोटा 80 फीसदी होना चाहिए। इस तरह रेग्युलर मेडिकल ऑफिसर्स के लिए पीजी की सीटें भी 66 से बढ़कर 72 हो जाएंगी।

: बीडीएस को हटाया जाए

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संतलाल शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय में जो बीडीएस डॉक्टर एनआरएचएम कंसल्टेंट के तौर पर रखे गए हैं, उन्हें यहां से हटाया जाना चाहिए। इस समय कुल चार बीडीएस डॉक्टर इन पदों पर काम कर रहे हैं। इनकी जगह सीनियर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर्स की तैनाती करने की मांग उठाई जाएगी ताकि कार्यकुशलता को बढ़ाया जा सके।

ये हैं एसोसिएशन की मुख्य चार डिमांड



: रिपन अस्पताल में एसोसिएशन ने बैठक कर की चर्चा, सरकार को सौंपेंगे मांगपत्र