अपर शिमला में फिर ठप हुई इंटरनेट सेवा
रोहड़ू - क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी बीएसएनएल की ब्रांड बैंड और इंटरनेट सेवा हफ्ते भर ठीक रहने के बाद फिर हांफने लगी है। बुधवार को दिन भर रोहड़ू-जुब्बल सहित अपर शिमला के सभी क्षेत्रों में ब्रांड बैंड व इंटरनेट सेवाओं के ठप रहने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आए दिन मोबाइल का सिग्नल गायब होने, इंटरनेट सेवा और ब्रांड बैंड सेवा के बाधित होने से क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोहड़ू निवासी राजेश, सोनू व हरीश का कहना है कि बीएसएनएल की दूरसंचार सेवा दिन-प्रतिदिन बदतर हो रही है। बीएसएनल के अधिकारी हर बार फाइबर कटने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लेते हैं।
उधर, बीएसएनएल रोहडू़ के एसडीओ गोपाल चौहान ने कहा कि ओएफसी लाइन के कटने के कारण ब्रांड बैंड, इंटरनेट सेवा प्रभावित हुई थी। ओएफसी को जोड़ दिया गया है और ब्रांड बैंड व इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है।