पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पुजारी की हत्या कर मूर्ति चुराने वाला गिरफ्तार

पुजारी की हत्या कर मूर्ति चुराने वाला गिरफ्तार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - शिमला
किन्नौर के पूह थाने के तहत आने वाले तिरासंग के परम संभव मंदिर में हत्या और लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को स्टेट सीआईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। नेपाल मूल का यह आरोपी केएस थापा मंदिर में हुई इस लूट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। इसके दो साथी अभी फरार चल रहे हैं जिनकी मदद से इसने इस बड़ी लूटपाट को अंजाम दिया था। सीआईडी की टीम इनकी भी तलाश कर रही है। सीआईडी के अनुसार पिछले साल 13 नवंबर की रात इन आरोपियों ने मंदिर में लूट करने की कोशिश की थी।
इसी दौरान इनका सामना मंदिर के पुजारी रामा दोरजे से हुआ जो मंदिर में ही रहता था। आरोपियों ने मंदिर में रखी देवता की अष्टधातु की मूर्ति चुराने से पहले इस पुजारी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। बाद में आरोपी अष्टधातु की मूर्ति समेत तीन अन्य मूर्तियां, कुछ नकदी आदि लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों को करीब तीन दिन बाद जाकर इस घटना का पता चला था। पूह थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और लूटपाट का केस दर्ज किया गया, लेकिन शुरुआती जांच में जब पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा तो यह केस 23 दिसंबर को सीआईडी के हवाले किया गया।
इस तरह पहुंची सीआईडी
केस सीआईडी के पास आने के बाद नए सिरे से जांच शुरू हुई। सीआईडी की एक टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। कई लोगों से पूछताछ की गई और पुलिस के जुटाए साक्ष्य भी चैक किए। इसी दौरान एक टैक्सी का पता चला जिसे आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल किया था। बाद में इस गाड़ी को कब्जे में लिया गया। टैक्सी मालिक तक पहुंचने के बाद केस में कुछ लोगों के सुराग मिले। बुधवार को सीआईडी को एक आरोपी की लोकेशन पता चली और इसे दबोच लिया गया।
फिलहाल दो आरोपी और चोरी किया गया सामान का पता नहीं चल पाया है।




क्या कहती हैं आईजी

॥केस के मास्टरमाइंड केएस थापा को सीआईडी ने पकड़ लिया है। इसके दो साथी फरार है जिनकी तलाश चल रही है। केस की जांच प्रभावित न हो, ऐसे में ज्यादा कहना ठीक नहीं है।

सतवंत अटवाल, आईजी सीआईडी ((क्राइम))



:13 नवंबर की रात पूह के परम संभव मंदिर में अंजाम दी थी वारदात