कंप्यूटर चोरी के आरोप में युवक गिरफ्तार
भास्कर न्यूज - शिमला
हाईकोर्ट के अधिवक्ता का कंप्यूटर चोरी करने के आरोप में सदर पुलिस ने शिलाई के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अनिल कुमार पहले इसी वकील भुवनेश शर्मा के पास मुंशी के तौर पर काम करता था। आठ नवंबर को इसने वकील का कंप्यूटर चोरी कर लिया और गायब हो गया। इसके बाद से पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस की एक टीम ने शिलाई से ही इसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह कंप्यूटर किसी को बेच दिया है। बुधवार को इसे कोर्ट में पेश किया गया जहां इसे तीन दिन का पुलिस रिमांड मिल गया। एसपी अभिषेक दुल्लर का कहना है कि आरोपी से पूछताछ चल रही है। जल्द ही चोरी किया कंप्यूटर भी बरामद कर लिया जाएगा।
नलके चोरी करता पकड़ा
तारादेवी मंदिर परिसर से नल चोरी कर ले जा रहे एक युवक को यहां तैनात होमगार्ड जवान ने दबोच लिया। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह दो युवक मंदिर परिसर में घूम रहे थे। संदिग्ध हालत में दिखने पर यहां तैनात होमगार्ड जवान गोपाल चंद ने एक को पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली तो इसकी जेब से चार नल बरामद हुए। जवान ने बालूगंज थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस ने केस दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। इसका साथी फरार है।