- Hindi News
- कृषि विवि के कुलपति की नियुक्ति में नियम दरकिनार
कृषि विवि के कुलपति की नियुक्ति में नियम दरकिनार
भास्कर न्यूज - शिमला
यूथ अगेंस्ट करप्शन ने कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के कुलपति डॉ. केके कटोच की नियुक्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इकाई के सह संयोजक नरेंद्र ठाकुर का कहना है कि कटोच की नियुक्ति नियमों को दरकिनार कर की गई है और इसे रद्द किया जाना चाहिए।
वीरवार को पत्रकारों से बात करते हुए संयोजक ने कहा कि केके कटोच की कुलपति पद पर अगस्त 2013 में नियुक्ति की गई थी। इसके बाद जब उनकी कमेटी ने उनकी नियुक्ति संबंधी जानकारी आरटीआई से हासिल की तो पता चला कि डॉ. कटोच ने चयन कमेटी के समक्ष अपना जो बायोडाटा दिया था, वह ज्यादातर झूठा था। उन्होंने कहा कि कुलपति पर एक महिला कर्मचारी ने उत्पीडऩ के आरोप भी लगाए थे जिसे दबाया गया है।साथ ही कुलपति ने जो अपनी पुस्तकों के प्रकाशन संबंधी दावा किया है वह भी गलत है। इसके अलावा उन्होंने नियुक्ति से पहले कुछेक विभागों का अध्यक्ष होने का भी दावा किया था। लेकिन हकीकत में वह कार्यकारी अध्यक्ष ही बनाए गए थे।
कमेटी का कहना है कि उनकी नियुक्ति रद्द करने के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद भी यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
यूथ अगेंस्ट करप्शन के सह संयोजक नरेंद्र ठाकुर पत्रकारों से बात करते हुए।
यूथ अगेंस्ट करप्शन के संयोजक नरेंद्र ने कुलपति केके कटोच की नियुक्तिपर उठाए सवाल, कमेटी को दी गई गलत जानकारी