छात्रों ने रखी मांग, फीस न बढ़ाई जाए
भास्कर न्यूज - शिमला
एचपी यूनिवर्सिटी में कार्यकारी परिषद की बैठक से ठीक पहले वीरवार को छात्र संगठनों ने ईसी सदस्यों को अपने-अपने ज्ञापन सौंपे। इनमें यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से बढ़ाई जा रही फीस का विरोध करने की मांग की गई। एसएफआई और एबीवीपी ने एकजुट होकर इस प्रस्ताव को बैठक में रिजेक्ट करने और यूनिवर्सिटी के बजट को बढ़ाने की मांग की। छात्र संगठनों का कहना है कि फीस वृद्धि से गरीब तबके के छात्र उच्च शिक्षा से वंचित रह सकते हैं। ऐसे में 25 फीसदी फीस बढ़ाने का जो प्रपोजल यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तैयार किया है, उसे रद्द कर दिया जाना चाहिए।
मांगें पूरी होनी चाहिए
एससीए अध्यक्ष राजन हारटा ने कहा कि फीस वृद्धि और पीजी में रूसा लागू करने के फैसले छात्र विरोधी हैं और इन्हें रद्द किया जाना चाहिए। एबीवीपी का कहना है कि बिना सुविधा दिए फीस बढ़ाना गलत है। प्रशासन को छात्रों की मांगें पूरी करनी होंगी।