- Hindi News
- दोपहर को हटाया अतिक्रमण शाम को फिर सजे तहबाजारी
दोपहर को हटाया अतिक्रमण शाम को फिर सजे तहबाजारी
भास्कर न्यूज - शिमला
लोअर बाजार में मंगलवार को लगी आग के बाद नगर निगम को अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई करनी पड़ी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी को उस दिन डीसी ऑफिस से सुंदर पंसारी की दुकान तक पहुंचने में ही आधा घंटा लग गया था जिससे आग बेकाबू हो गई और आधा दर्जन दुकानें जल गई थी। संपदा शाखा ने बाजार में दुकानें लगाए हुए २५ तहबाजारियों का सामान जब्त किया। निगम की यह कार्रवाई करीब दोपहर १.३० बजे शुरू हुई। निगम कर्मचारियों के जाने के बाद तहबाजारी फिर बाजार में दुकानें लगाकर बैठ गए।
अग्निकांड और निगम की बुधवार को हुई बैठक में इस मुद्दे पर हुई किरकिरी के बाद निगम की संपदा शाखा के अधिकारियों ने पुलिस के साथ मिलकर लोअर बाजार में बैठे तहबाजारियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने लोअर बाजार में बैठे 25 तहबाजारियों का सामान जब्त किया।
सह आयुक्त नरेश ठाकुर के आदेशों के अनुसार संपदा शाखा के अधीक्षक हरदीप की अध्यक्षता में एक टीम ने उपायुक्त कार्यालय की ओर से दोपहर डेढ़ बजे तहबाजारियों को हटाने की मुहिम शुरू की। इस दौरान उनके साथ तहबाजारी इंस्पेक्टर बृजलाल खाची और सदर थाने के जवान भी मौजूद रहे। टीम की अध्यक्षता कर रहे अधीक्षक हरदीप ने बताया कि तहबाजारियों ने सड़कों पर कब्जा कर रखा था और इनकी वजह से आने जाने वाले लोगों को भी परेशानियां हो रही थी। कार्रवाई के दौरान 25 से अधिक तहबाजारियों के सामान का जब्त किया गया है। तहबाजारियों का सामान जुर्माना चुकाने के बाद दिया जाएगा।
शाम: फिर सज गए
दोपहर: कब्जे उठाए
निगम की टीम के जाने के तुरंत बाद फिर सड़क पर अतिक्रमण हो गया।
लोअर बाजार में अतिक्रमण करने वालों पर निगम कर्मचारियों ने वीरवार दोपहर कार्रवाई कर उनका सामान जब्त किया।
रोज होगी कार्रवाई
सह आयुक्त नरेश ठाकुर का कहना है कि तहबाजारियों ने सड़कों पर कब्जा कर रखा है। इसक ो लेकर कई दिनों से शिकायतें मिल रही हैं। तहबाजारियों को हटाने के लिए निगम प्रशासन रोजाना कार्रवाई करेगा और अवैध रूप से सड़कों पर कब्जा जमाने वाले तहबाजारियों को हटाया जाएगा। तहबाजारियों की वजह से मंगलवार को लोअर बाजार में लगी आग को बुझाने में दिक्कतें आई थी , जिस वजह से भी लोअर बाजार की सड़क को साफ करना और तहबाजारियों को वहां से हटाना जरूरी बन गया था।
निगम की कार्रवाई - प्रशासन ने २५ का सामान किया जब्त, चलता रहेगा अभियान