संजौली में युवक आपस में भिड़े
भास्कर न्यूज - शिमला
संजौली के साथ लगते श्मशानघाट के पास वीरवार शाम दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बहसबाजी के बाद हुई इस मारपीट में पांच से ज्यादा युवक जख्मी हो गए। इनमें से दो को देर शाम आईजीएमसी अस्पताल लाया गया। पुलिस के अनुसार ये युवक अपने किसी रिश्तेदार का अंतिम संस्कार करने के बाद वापस संजौली की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान इनमें किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बाद में मामला इतना आगे बढ़ा कि दोनों गुटों में लात घूसे और डंडे चलने लगे। इस मारपीट में दो युवकों के सिर से खून निकलने लगा जबकि बाकी की बाजू और टांगें लहूलुहान हो गए। कुछ लोगों ने बीच बचाव कर इन्हें अलग किया। देर शाम करीब सात बजे दो युवकों को जख्मी हालत में आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने संजौली पुलिस को इसकी सूचना दी। बाद में पुलिस भी अस्पताल पहुंची और युवकों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि दो युवक ज्यादा जख्मी हुए हैं जिनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि युवकों के बयान लेने के बाद आरोपियों को नामजद किया जाएगा।
अंतिम संस्कार से लौट रहे युवकों में हुई मारपीट, दो जख्मी आईजीएमसी में
मारपीट में घायल एक युवक।