आरोपी दंपत्ति पर दर्ज होगा मामला
सोलन - टैंक रोड सोलन में दंपत्ति के पास काम करने वाली ११ वर्षिय नाबालिग लड़की को चाइल्ड लाइन की मदद से बाल आश्रम शिमला पहुंचाया गया है। बाल कल्याण समिति सोलन की चेयरपर्सन सुरेंद्र वीर्दी ने बताया कि लड़की को प्रताडि़त करने वाले दंपत्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाने और नाबालिग को दो माह का वेतन जमा करवाने के आदेश दिए हैं। दंपत्ति से तंग आकर घर छोड़कर भागी इस लड़की को दो दिन पहले पुलिस ने सोलन थाना लाया था। पुलिस ने चाइल्ड लाइन को इसकी सूचना दी। इस पर चाइल्ड लाइन सोलन की समन्वयक अनीता शर्मा ने पुलिस की मदद से लड़की को बाल कल्याण समिति तक पहुंचाया। लड़की की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सोलन अस्पताल में भर्ती करवाया गया। छानबीन में पाया गया कि यह नाबालिक लड़की टैंक रोड में किसी दंपत्ति के पास काम करती थी, लेकिन मारपीट के कारण घर छोड़कर भाग गई।