बैरियरर पर शराब से भरा ट्रक पकड़ा
परवाणू - राज्य गुप्तचर विभाग की परवाणू, नालागढ़ व शिमला की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात को पिंजौर-परवाणू बाईपास स्थित सेक्टर ६ में नाके के दौरान एक ट्रक से ३९० पेटी अवैध शराब पकड़ी। विभागीय टीम के मुताबिक शराब की इस खेप को अवैध रूप से प्रदेश में लाया जा रहा था। गुप्तचर विभाग ने सूचना के आधार पर टोल बैरियर में नाका लगाकर ट्रक से करीब ४६८० बोतलें देसी शराब बरामद की। पकड़े गए वाहन के पीछे वीआईपीए नंबर का एक वाहन चल रहा था। विभागीय टीम ने ट्रक चालक जाकिर हुसैन निवासी बिलासपुर और परिचालक कृष्ण कुमार निवासी सुंगरा को हिरासत में लिया है। इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार ने मामले की पुष्ठि की है। उन्होंने कहा कि टीम में एएसआई सूरत राम, मुख्य आरक्षी अशोक कुमार, राकेश कुमार, भागीरथ, श्याम लाल, सुरेंद्र कुमार व लायक राम शामिल थे। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।